अलीगढ़ के अग्निशमन केंद्रों पर मॉक ड्रिल आयोजित, उपकरणों की क्रियाशीलता की हुई जांच

अलीगढ़ के अग्निशमन केंद्रों पर मॉक ड्रिल आयोजित, उपकरणों की क्रियाशीलता की हुई जांच

बीए सेट ड्रिल के साथ साफ-सफाई व फायर उपकरणों की नियमित चेकिंग कराई गई

अलीगढ़। अपर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवा, लखनऊ द्वारा 21 जनवरी के निर्देशों के क्रम में जनपद अलीगढ़ के सभी अग्निशमन केंद्रों पर उपलब्ध वाहनों एवं उपकरणों की क्रियाशीलता बनाए रखने तथा अग्निशमन अधिकारियों/कर्मचारियों की विभागीय कार्यक्षमता एवं शारीरिक दक्षता को मजबूत करने के उद्देश्य से नियमित मॉक ड्रिल कराई जा रही है।

इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ के आदेशानुसार एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी अलीगढ़ के निर्देशन में जनपद के समस्त प्रभारी अग्निशमन केंद्रों पर बीए सेट (Breathing Apparatus) ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान सभी बीए सेट उपकरणों की साफ-सफाई कर उनकी क्रियाशीलता की जांच भी की गई।

अग्निशमन विभाग द्वारा यह अभ्यास माह के प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को आयोजित किया जा रहा है, जिसमें मॉक ड्रिल, उपकरणों की साफ-सफाई, वाहन एवं संसाधनों की जांच सहित अन्य नियमित कार्य शामिल हैं। इसका उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में अग्निशमन विभाग को पूरी तरह तैयार रखना है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि नियमित अभ्यास और उपकरणों की समय-समय पर जांच से विभाग की कार्यक्षमता में वृद्धि होती है और आपदा की स्थिति में तुरंत प्रभावी कार्रवाई संभव हो पाती है।