गोंदिया स्टेशन पर प्लेटफॉर्म-3 का विघटन कार्य शुरू, 52 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में अस्थायी बदलाव

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत गोंदिया रेलवे स्टेशन पर स्टेशन विकास एवं अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण के तहत प्लेटफॉर्म क्रमांक-3 के विघटन (Dismantling) का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के चलते रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए 52 ट्रेनों के निर्धारित प्लेटफॉर्म में अस्थायी परिवर्तन किया है।

रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अब तक जो ट्रेनें प्लेटफॉर्म क्रमांक-3 से संचालित होती थीं, उन्हें अस्थायी रूप से प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 एवं 2 पर स्थानांतरित कर दिया गया है। यह बदलाव कार्य पूर्ण होने तक लागू रहेगा।

प्लेटफॉर्म-2 पर चलेगी अधिकांश ट्रेनें

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस अस्थायी व्यवस्था के अंतर्गत अधिकांश ट्रेनों का संचालन प्लेटफॉर्म क्रमांक-2 से किया जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनों को प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 पर शिफ्ट किया गया है। यह निर्णय इसलिए लिया गया है ताकि स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या सुरक्षा संबंधी समस्या न हो और ट्रेनों का परिचालन सामान्य बना रहे।

यात्रियों को दी गई जरूरी सलाह

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन पर पहुंचने के बाद घोषणा प्रणाली (Announcement), इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड और रेलवे कर्मियों द्वारा दी जा रही जानकारी पर विशेष ध्यान दें। इसके साथ ही यात्री समय से पहले स्टेशन पहुंचे, ताकि प्लेटफॉर्म परिवर्तन की स्थिति में उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।

पहले से प्लेटफॉर्म-1 और 2 पर चलने वाली ट्रेनों में कोई बदलाव नहीं

रेलवे प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन ट्रेनों का निर्धारित प्लेटफॉर्म पहले से ही क्रमांक-1 या 2 था, उनके संचालन में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।

स्टेशन विकास के तहत किया जा रहा कार्य

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह विघटन कार्य गोंदिया स्टेशन को और अधिक आधुनिक व सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्य पूरा होने के बाद यात्रियों को बेहतर प्लेटफॉर्म सुविधा, बेहतर यात्री आवागमन और अधिक सुरक्षित परिचालन व्यवस्था का लाभ मिलेगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यह अस्थायी परिवर्तन केवल कार्य अवधि के लिए है और जल्द ही व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।