नागपुर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक ने किया गोंदिया–चांदाफोर्ट रेलखंड का सघन निरीक्षण, यात्री सुविधाओं व सुरक्षा मानकों की हुई समीक्षा

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री राजेश चिखले ने 01 अप्रैल 2026 को गोंदिया?चांदाफोर्ट रेलखंड का व्यापक सेक्शन निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रेल परिचालन की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना तथा स्टेशनों पर यात्रियों और कर्मचारियों को उपलब्ध सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना रहा।

निरीक्षण कार्यक्रम के तहत चिखले सुबह 07:00 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी स्टेशन से विंडो निरीक्षण यान द्वारा रवाना हुए और प्रातः 10:00 बजे गोंदिया पहुंचे। गोंदिया स्टेशन पर पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले क्रू लॉबी का गहन निरीक्षण किया, जहां रनिंग स्टाफ की कार्यप्रणाली और उनके विश्राम की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इसके बाद उन्होंने पार्सल कार्यालय का निरीक्षण करते हुए माल ढुलाई, बुकिंग प्रक्रिया और सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। वहीं रेलवे इंस्टीट्यूट का भी अवलोकन किया गया, जहां कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए उपलब्ध कल्याणकारी सुविधाओं और खेल संसाधनों की स्थिति का मूल्यांकन किया गया।

अपने दौरे के दौरान चिखले ने गोंदिया, सौंदड़, नागभीड़, तलोंधी, केलझर एवं चांदाफोर्ट रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विशेष रूप से निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, प्रतीक्षालय, बैठने की सुविधा, प्रकाश व्यवस्था तथा स्टेशन परिसर के समग्र रखरखाव की जांच की। साथ ही उन्होंने रेलखंड पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यों का निष्पादन समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान चिखले ने स्पष्ट कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरणों की भी बारीकी से जांच कराई तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने रेलवे कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े संस्थानों के रखरखाव को भी गंभीरता से लेने के निर्देश दिए।

इस निरीक्षण के दौरान उनके साथ मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें वरिष्ठ मंडल इंजीनियर, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (ओपी एवं टीआरडी), वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सहित अन्य विभागीय अधिकारी शामिल रहे। इसके अतिरिक्त संबंधित अनुभाग के कनिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी निरीक्षण दल में शामिल थे।

रेलवे प्रशासन के अनुसार इस प्रकार के निरीक्षणों का उद्देश्य रेल सुरक्षा मानकों को और अधिक सुदृढ़ करना तथा यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है।