सख्त टिकट चेकिंग से जोधपुर मंडल ने बनाया नया राजस्व रिकॉर्ड,लक्ष्य से 46 लाख अधिक वसूली, 11.94 करोड़ का राजस्व अर्जित

सख्त टिकट चेकिंग से जोधपुर मंडल ने बनाया नया राजस्व रिकॉर्ड

लक्ष्य से 46 लाख अधिक वसूली, 11.94 करोड़ का राजस्व अर्जित

1.58 लाख बिना टिकट यात्री पकड़े, 27,500 गंदगी फैलाने पर जुर्माना

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में सघन टिकट जांच अभियान के जरिए नया राजस्व रिकॉर्ड कायम किया है। मंडल ने 11.48 करोड़ रुपये के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 46 लाख रुपये अधिक वसूली करते हुए कुल 11.94 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। यह लक्ष्य से लगभग 4 प्रतिशत अधिक है और जोधपुर मंडल की अब तक की सर्वाधिक राजस्व वसूली मानी जा रही है।

मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि यह सफलता मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के नेतृत्व में चलाए गए सघन टिकट चेकिंग अभियान का परिणाम है। पूरे वित्तीय वर्ष के दौरान सभी रेलखंडों में ट्रेनों और स्टेशनों पर लगातार औचक जांच की गई, जिससे बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों पर शिकंजा कसा गया।

उन्होंने बताया कि वर्षभर चले अभियान में 1.58 लाख बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे 7.62 करोड़ रुपये की वसूली की गई। वहीं 86 हजार अनियमित यात्रा के मामलों में जुर्माना सहित 4.32 करोड़ रुपये की वसूली हुई। इस उपलब्धि पर डीआरएम ने टिकट चेकिंग स्टाफ की कार्यकुशलता और मेहनत की सराहना की है।

गंदगी फैलाने पर 29.75 लाख का जुर्माना

ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर गंदगी फैलाने के 27,500 मामलों में रेलवे द्वारा 29.75 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं निर्धारित सीमा से अधिक सामान लेकर यात्रा करने के 174 मामलों में 70 हजार रुपये वसूले गए।

धूम्रपान के 1,000 मामलों में वसूले 1.96 लाख

अभियान के दौरान ट्रेनों में बीड़ी-सिगरेट पीने के करीब 1,000 मामलों में यात्रियों से 1.96 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। रेलवे ने इस कार्रवाई के जरिए यात्रियों को स्पष्ट संदेश दिया कि नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विशेष टीमों ने चलाया दिन-रात अभियान

टिकट जांच के लिए विशेष दस्तों का गठन कर उन्हें विभिन्न रेलखंडों में औचक निरीक्षण हेतु तैनात किया गया। इन टीमों ने लगातार दिन-रात अभियान चलाकर बिना टिकट, फर्जी टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों पर कार्रवाई की।

इन रेलखंडों पर चला विशेष अभियान

जांच अभियान के तहत जोधपुर-मेड़ता-डेगाना-फुलेरा, डेगाना-रतनगढ़, मेड़ता रोड-बीकानेर, राइकाबाग-फलोदी-पोकरण-जैसलमेर, जोधपुर-लूनी-मारवाड़ जंक्शन, लूनी-समदड़ी-बालोतरा-बाड़मेर-मुनाबाव तथा समदड़ी-जालोर-भीलड़ी रेलखंडों पर विशेष निगरानी रखी गई। इसके अलावा वंदे भारत और मंडोर सुपरफास्ट जैसी प्रमुख ट्रेनों में भी गहन टिकट चेकिंग की गई।

रेलवे प्रशासन की अपील

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें, नियमों का पालन करें और स्टेशन व ट्रेन परिसर में साफ-सफाई बनाए रखें। साथ ही रेलवे ने स्पष्ट किया कि नए वित्तीय वर्ष में भी टिकट चेकिंग अभियान और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा।