बदलते मौसम के बीच वैष्णो देवी यात्रा जारी, शाम 5 बजे तक 34 हजार श्रद्धालु रवाना

कटड़ा। मां वैष्णो देवी के दरबार में बदलते मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई। शुक्रवार देर रात हुई रिमझिम बारिश और बादलों की आवाजाही के बीच शनिवार को ठंडी हवाओं के साथ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा। श्रद्धालु लगातार जयकारों के साथ भवन की ओर रवाना होते रहे।

सुबह तक हल्की बारिश का दौर जारी रहा, जिसके बाद मौसम साफ हुआ और तेज धूप खिली। हालांकि दोपहर बाद फिर से बादलों का जमावड़ा लग गया और ठंडी हवाएं चलने लगीं। बावजूद इसके यात्रा सुचारू रूप से चलती रही।

श्राइन बोर्ड के अनुसार तीन अप्रैल को 44,700 श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए, जबकि शनिवार को शाम पांच बजे तक करीब 34,000 श्रद्धालु भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। पंजीकरण काउंटर, दर्शनी ड्योढ़ी, प्रवेश द्वार और सुरक्षा जांच केंद्रों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। भवन परिसर में दिव्य दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को कतार में इंतजार करना पड़ा।

मौसम खराब होने के कारण हेलिकॉप्टर सेवा शाम को कुछ समय के लिए स्थगित रही, लेकिन बैटरी कार, रोपवे, घोड़ा-खच्चर और पालकी सेवाएं लगातार जारी रहीं।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा को परेशानी मुक्त बनाए रखने के लिए यात्रा मार्ग पर श्राइन बोर्ड, पुलिस, सीआरपीएफ और आपदा प्रबंधन दल के जवान जगह-जगह तैनात रहे। पूरी यात्रा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी गई।

दर्शन के बाद श्रद्धालु भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के दर्शन कर यात्रा पूर्ण कर रहे हैं। वहीं श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही से धर्मनगरी कटड़ा के बाजारों में भी चहल-पहल बनी हुई है, जिससे व्यापारियों के चेहरे भी खिले नजर आए।