जम्मू-श्रीनगर डायरेक्ट ट्रेन जल्द होगी शुरू, मई तक पूरी तरह बहाल होगा रेल नेटवर्क

जम्मू-कश्मीर को जल्द मिलेगा बड़ा रेल तोहफा, जम्मू-श्रीनगर डायरेक्ट ट्रेन की तैयारी पूरी

डीआरएम विवेक कुमार का बड़ा बयान? मई तक 100% बहाल होगा रेल नेटवर्क

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए राहत और खुशी की बड़ी खबर सामने आई है। जल्द ही जम्मू से श्रीनगर तक सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। वहीं, अगस्त 2025 में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद क्षतिग्रस्त हुए जम्मू रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर का पुनर्निर्माण कार्य भी अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार मई 2026 तक रेल सेवाएं पूरी तरह सुचारू कर दी जाएंगी।

इस संबंध में जम्मू रेल मंडल के डीआरएम विवेक कुमार ने रेलवे की बहाली, सुरक्षा चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

मई तक पूरा होगा रेस्टोरेशन कार्य

डीआरएम विवेक कुमार ने बताया कि अगस्त 2025 में आई भीषण बाढ़ ने जम्मू क्षेत्र में रेलवे पटरियों, पुलों और तकनीकी ढांचे को काफी नुकसान पहुंचाया था। लेकिन रेलवे ने संकट की घड़ी में तेज़ी से काम करते हुए यात्रियों को सुरक्षित निकालने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि उस समय कटरा में फंसे यात्रियों को पहले बसों के जरिए उधमपुर पहुंचाया गया, इसके बाद विशेष ट्रेनों से उन्हें उनके गंतव्य तक भेजा गया।

उन्होंने बताया कि रेलवे द्वारा बहाली कार्य अब तक 95 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है और शेष कार्य मई महीने तक 100 प्रतिशत पूरा कर दिया जाएगा।

सुरक्षा चुनौतियों के बीच रेलवे ने दिखाई तत्परता

डीआरएम ने कहा कि वर्ष 2025 जम्मू-कश्मीर में रेलवे संचालन के लिहाज से बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। पहलगाम हमले और ?ऑपरेशन सिंदूर? जैसी सुरक्षा घटनाओं के दौरान रेलवे ने स्थिति पर पूरी नजर रखी और प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने में मदद की। उन्होंने कहा कि रेलवे ने आपदा और संकट की घड़ी में जनता का भरोसा कायम रखा।

जम्मू-श्रीनगर डायरेक्ट ट्रेन के लिए सब तैयार

डीआरएम विवेक कुमार ने स्पष्ट किया कि फिलहाल कश्मीर के लिए रेल सेवा कटरा से संचालित हो रही है, लेकिन अब इसे जम्मू से श्रीनगर तक डायरेक्ट चलाने की योजना पर तेजी से काम किया गया है। उन्होंने कहा?

"हमारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जैसे ही परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल होंगी और उच्च स्तर से निर्देश प्राप्त होंगे, जम्मू-श्रीनगर सीधी ट्रेन सेवा आम जनता के लिए शुरू कर दी जाएगी।"

कश्मीर के विकास के लिए गेम चेंजर बनेगी ट्रेन

डीआरएम ने कहा कि रेल नेटवर्क का विस्तार कश्मीर घाटी के लिए एक बड़ा गेम चेंजर साबित होगा। अब घाटी तक ट्रेन के माध्यम से खाद्य सामग्री, आवश्यक वस्तुएं और वाहन तक पहुंचाए जा रहे हैं। इससे माल ढुलाई की लागत घट रही है और स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि रेल नेटवर्क पूरी तरह स्थापित हो जाने के बाद यह सुविधा न सिर्फ आम जनता के लिए बल्कि रक्षा बलों के लिए भी हर समय उपलब्ध रहेगी, जिससे रणनीतिक दृष्टि से भी क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।

घाटी में लौटेगी रफ्तार, रेलवे से बढ़ेगा विकास

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मई तक नेटवर्क पूरी तरह बहाल होते ही जम्मू-कश्मीर में रेल परिचालन को नई गति मिलेगी। साथ ही पर्यटन, व्यापार और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

जम्मू-श्रीनगर डायरेक्ट ट्रेन शुरू होने के बाद यात्रियों को सफर में बड़ी राहत मिलेगी और घाटी के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।