अलीगढ़ में फायर सीजन को लेकर स्कूल-कॉलेज व कोचिंग सेंटरों में अग्नि सुरक्षा अभियान, फायर ऑडिट कर दिए गए दिशा-निर्देश

अलीगढ़ में फायर सीजन को लेकर स्कूल-कॉलेज व कोचिंग सेंटरों में अग्नि सुरक्षा अभियान, फायर ऑडिट कर दिए गए दिशा-निर्देश

अग्निशमन विभाग ने भवन संचालकों से मानकों का पालन करने की अपील की

अलीगढ़। फायर सीजन को देखते हुए जनपद अलीगढ़ में अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग द्वारा स्कूलों, कॉलेजों एवं कोचिंग सेंटरों में अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान 03 अप्रैल को पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा, लखनऊ के आदेशों के अनुपालन में तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ के निर्देशानुसार संचालित किया गया। अभियान का संचालन मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में स्कीम संख्या-02 के अंतर्गत किया गया।

अभियान के दौरान संबंधित संस्थानों में फायर ऑडिट कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई और आग से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं संस्थान संचालकों को आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी (इवैकुएशन) एवं आग बुझाने के प्रारंभिक उपायों के बारे में जागरूक किया गया।

अग्निशमन विभाग की अपील: इन सावधानियों का करें पालन

अग्निशमन विभाग ने व्यवसायिक भवनों में आग से जन-धन की सुरक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष रूप से जोर दिया। विभाग ने अपील की कि?

व्यवसायिक भवनों का निर्माण एवं संचालन केवल स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही किया जाए और घनी आबादी एवं संकरी गलियों में ऐसे भवनों का संचालन न किया जाए।

भवनों में ज्वलनशील पदार्थों का अवैध भंडारण बिल्कुल न किया जाए।

प्रत्येक तल पर कम से कम दो निकास द्वार/सीढ़ियां अनिवार्य रूप से उपलब्ध हों।

भवनों में इंटीरियर या डेकोरेशन के लिए ज्वलनशील सामग्री का प्रयोग न किया जाए।

भवन का मानचित्र वैध आर्किटेक्ट से बनवाकर, फायर सेफ्टी मानकों के अनुसार तकनीकी योग्य फर्म से अग्निशमन व्यवस्थाएं स्थापित कराई जाएं।

विद्युत वायरिंग एवं उपकरणों की गुणवत्ता आईएसआई मानक के अनुरूप हो तथा समय-समय पर इलेक्ट्रिकल ऑडिट कराना अनिवार्य किया जाए।

सीएफओ मुकेश कुमार ने कहा कि गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, ऐसे में यदि सभी संस्थान पहले से सुरक्षा मानकों को अपनाएं और कार्ययोजना तैयार रखें तो किसी भी आपात स्थिति में समय रहते आग पर काबू पाया जा सकता है और बड़ी दुर्घटना को रोका जा सकता है।

विभाग ने आमजन से अपील की कि वे अग्नि सुरक्षा को गंभीरता से लें और अपने व अपने परिवार की सुरक्षा के लिए इन सावधानियों को जरूर अपनाएं।