दलित युवक से मारपीट, एक महीने बाद भी कार्रवाई नहीं

आलापुर (अम्बेडकर नगर) | थाना जहांगीरगंज क्षेत्र के ग्राम फत्तेपुर में होली के दिन रंग डालने के विवाद में दलित युवक नरेंद्र कुमार के साथ दबंगों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है।

पीड़ित नरेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों ने मामूली विवाद को लेकर उन पर हमला कर दिया और जमकर पिटाई की। इस मामले में पुलिस ने 6 नामजद और 4 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

हालांकि, घटना के लगभग एक महीने बाद भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे पीड़ित और उसका परिवार दहशत में है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और समझौते का दबाव बना रहे हैं।

इस मामले में पुलिस की धीमी कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं और पीड़ित ने सुरक्षा व न्याय की मांग की है।