इज्जतनगर मंडल का वित्तीय वर्ष 2025-26 उपलब्धियों भरा रहा, ऑल इंडिया रैंकिंग में 9वां स्थान

इज्जतनगर मंडल का वित्तीय वर्ष 2025-26 उपलब्धियों भरा रहा, ऑल इंडिया रैंकिंग में 9वां स्थान

राजस्व 560 करोड़ के पार, यात्री आय में रिकॉर्ड, डिजिटलीकरण और संरक्षा में बड़ी प्रगति

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यात्रियों की सुविधा, संरक्षा, राजस्व वृद्धि, डिजिटलीकरण, पर्यावरण संरक्षण और प्रशासनिक दक्षता के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के नेतृत्व में मंडल का यह वर्ष उपलब्धियों से भरा रहा।

इन उपलब्धियों का विस्तृत विवरण आयोजित प्रेस वार्ता में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) भारत भूषण तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने मीडिया के समक्ष प्रस्तुत किया।

ऑल इंडिया रैंकिंग में 9वां स्थान

इज्जतनगर मंडल ने समग्र प्रदर्शन में निरंतर सुधार करते हुए दिसंबर 2025 में जारी अखिल भारतीय डिवीजनल रैंकिंग में 9वां स्थान प्राप्त किया। यह वर्ष 2019 के बाद मंडल की अब तक की सर्वोच्च रैंकिंग मानी जा रही है।

राजभाषा हिंदी में पहला स्थान

जनवरी 2026 में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बरेली की बैठक के दौरान इज्जतनगर मंडल को राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रचार-प्रसार के लिए 57 केंद्रीय कार्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।

रेल मदद में शानदार सुधार

यात्री शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए मंडल ने ?रेल मदद? पोर्टल पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया स्तर पर 9वां स्थान प्राप्त किया।

पर्यावरण संरक्षण में अंतरराष्ट्रीय सम्मान

इज्जतनगर मंडल को जल प्रबंधन, अपशिष्ट जल पुनर्चक्रण, नवीकरणीय ऊर्जा और कार्बन उत्सर्जन कम करने के लिए इंडिया वाटर फाउंडेशन द्वारा ?वाटर ट्रांसवर्सैलिटी ग्लोबल अवार्ड्स 2026? के अंतर्गत सतत औद्योगिक सुविधा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार 06 मार्च 2026 को इंडिया हैबिटेट सेंटर में माननीय लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला द्वारा प्रदान किया गया।

यात्री सेवाओं और सुरक्षा में बड़ी उपलब्धि

मंडल ने कोचिंग परिचालन में मजबूती के साथ मेल/एक्सप्रेस सेवाओं में 12% से अधिक की वृद्धि दर्ज की। साथ ही यात्री सुरक्षा और आधुनिकीकरण के तहत 4 महत्वपूर्ण ट्रेनों को एलएचबी कोचों में परिवर्तित किया गया, जिससे यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर यात्रा सुविधा मिली।

माल ढुलाई में 122% की वृद्धि

माल ढुलाई क्षेत्र में ?क्रैक ट्रेनों? की संख्या में 122% की वृद्धि दर्ज की गई, जिससे माल परिवहन क्षमता और परिसंपत्ति उपयोग में बड़ा सुधार हुआ।

वित्तीय प्रदर्शन मजबूत, ₹560 करोड़ से अधिक राजस्व

इज्जतनगर मंडल ने चालू वित्त वर्ष में कुल ₹560.19 करोड़ का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3.81% अधिक है।

यात्री व्यवसाय में 69 मिलियन यात्रियों को सेवा दी गई, जो 5.18% की वृद्धि है। वहीं यात्री आय ₹365.46 करोड़ तक पहुंच गई, जो 4.35% बढ़ोतरी के साथ अब तक की सर्वाधिक वार्षिक उपलब्धि रही।

गैर-किराया राजस्व में रिकॉर्ड बढ़ोतरी

गैर-किराया राजस्व (NFR) में 44.09% वृद्धि के साथ यह ₹2.75 करोड़ तक पहुंच गया। साथ ही वाणिज्यिक विविध आय ₹10.59 करोड़ तक पहुंची, जो पिछले वर्ष की तुलना में 106.84% अधिक है।

टिकट जांच से रिकॉर्ड कमाई

टिकट जांच अभियान के तहत 3.51 लाख मामलों में कार्रवाई कर ₹20.03 करोड़ की वसूली की गई। यह राजस्व में 25.97% और मामलों में 20.20% वृद्धि को दर्शाता है, जो अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

डिजिटलीकरण में नई पहल

मंडल ने सभी स्टेशनों पर QR कोड आधारित UPI भुगतान सुविधा शुरू की। साथ ही UTS on Mobile के माध्यम से 3.13 मिलियन यात्रियों ने टिकट बुकिंग की, जिससे ₹4.15 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ।

इसके अतिरिक्त RCT केस फाइलों में QR कोड के उपयोग की शुरुआत कर मंडल ने नई मिसाल कायम की है, जिससे डिजिटल साक्ष्य जोड़ने, पारदर्शिता बढ़ाने और झूठे दावों पर रोक लगाने में मदद मिली है।

इंफ्रास्ट्रक्चर और ट्रैक सुधार में बड़ी प्रगति

मंडल ने ट्रैक सुधार कार्यों में रिकॉर्ड उपलब्धि हासिल की। 22.86 किलोमीटर रेलखंड पर सेक्शनल स्पीड बढ़ाकर 110 किमी प्रति घंटा कर दी गई। साथ ही पशु-आवागमन रोकने के लिए 60 किमी लक्ष्य के मुकाबले 75 किमी फेंसिंग पूरी की गई।

USFD परीक्षण के तहत 1,942.98 टीकेएम ट्रैक का अल्ट्रासोनिक परीक्षण किया गया, जिससे ट्रैक दोषों की पहचान और सुरक्षा सुनिश्चित हुई।

ऊर्जा बचत और लोको प्रदर्शन में सुधार

मंडल में लोको विफलताओं में 22.54% की कमी दर्ज की गई। वहीं OHE और PSI विफलताओं में 70% तक कमी आई। मार्च 2026 में 319 kWp क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र चालू कर हरित ऊर्जा की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया।

यात्रियों के लिए नई सुविधाएं

इज्जतनगर मंडल ने यात्रियों की सुविधा हेतु 9 नई लिफ्ट और 12 एस्केलेटर शुरू किए, जिससे स्टेशन पर पहुंच और सुविधा में बड़ा सुधार हुआ।

लोको शेड ने बनाया रिकॉर्ड

इज्जतनगर लोको शेड ने 42 नए इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव चालू कर अब तक का रिकॉर्ड बनाया। मंडल के पास अब कुल 200 लोकोमोटिव हो गए हैं, जिनमें 142 इलेक्ट्रिक और 58 डीजल शामिल हैं। लोको विफलता दर घटकर 7.67% रह गई, जो लक्ष्य से बेहतर है।

पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल ने कहा कि ये उपलब्धियां कर्मचारियों के समर्पण, बेहतर योजना और निरंतर सुधार की नीति का परिणाम हैं। आने वाले समय में मंडल यात्री सुविधाओं, संरक्षा और तकनीकी उन्नयन को और अधिक मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।