प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी ने इज्जतनगर मंडल में की समीक्षा बैठक

प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी ने इज्जतनगर मंडल में की समीक्षा बैठक

कर्मचारी संतुष्टि को बताया संगठन की कार्यक्षमता का आधार, पदोन्नति व एमएसीपी मामलों की गहन समीक्षा

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने गुरुवार को इज्जतनगर मंडल में रेलवे बोर्ड के निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं कार्मिक प्रबंधन से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभाकक्ष में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह सहित मंडल के समस्त शाखाधिकारियों, हित निरीक्षकों एवं पर्यवेक्षकों के साथ अलग-अलग समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं।

बैठक में प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने कार्मिक विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों एवं नीतिगत विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारियों के प्रमोशन को तय समय सीमा में पूर्ण करने के मामले में सभी मंडलों में प्रथम स्थान पर है। संरक्षा श्रेणी के सभी प्रमोशन रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा रहे हैं।

उन्होंने कर्मचारी हितों, पदोन्नति, एमएसीपी, रिक्त पदों की स्थिति, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, सेवा अभिलेखों के डिजिटलीकरण तथा अनुशासनात्मक मामलों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ?कर्मचारी संतुष्टि ही संगठन की कार्यक्षमता को सुदृढ़ करने का आधार है।?

प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी ने निर्देश दिए कि पूर्वोत्तर रेलवे में सभी चयन (सेलेक्शन) प्रक्रियाओं को जून माह के अंत तक पूर्ण किया जाए। साथ ही उन्होंने नई योजनाओं के क्रियान्वयन से पहले डेटा विश्लेषण को प्राथमिकता देने, कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने, कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु संवाद व्यवस्था मजबूत करने और सकारात्मक व उत्तरदायी कार्य संस्कृति विकसित करने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने अधिकारियों, हित निरीक्षकों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनके कार्यों की समीक्षा की तथा नियमों से संबंधित शंकाओं का समाधान भी किया। इसके अलावा उन्होंने मंडल की कर्मचारी यूनियनों एवं एसोसिएशनों के पदाधिकारियों से भेंट कर कर्मचारियों के कल्याण हेतु महत्वपूर्ण सुझाव भी प्राप्त किए।

इससे पहले वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह ने प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी का स्वागत करते हुए कहा कि इज्जतनगर मंडल में कार्मिक विभाग द्वारा सेवानिवृत्ति से उत्पन्न रिक्तियों के सापेक्ष उसी दिन पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति देने की पहल अत्यंत सराहनीय है, जिससे प्रशासनिक कार्यों में निरंतरता बनी रहती है।

बैठक के दौरान वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी ने पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से इज्जतनगर मंडल में कार्मिक विभाग की उपलब्धियों एवं प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक कुल 745 कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त 281 कर्मचारियों को एमएसीपी का लाभ दिया गया है। वहीं नवंबर 2025 से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्थान पर रिक्त हुए पदों के विरुद्ध 31 पात्र कर्मचारियों को तत्काल पदोन्नति आदेश जारी किए गए।

कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह द्वारा किया गया।

इसके पश्चात प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने मुख्य कारखाना प्रबंधक अशोक कुमार के साथ यांत्रिक कारखाना कार्यालय में बैठक कर कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यांत्रिक शॉपों, प्रशिक्षण व्यवस्थाओं, आधारभूत सुविधाओं एवं कर्मचारियों के लिए उपलब्ध संसाधनों की गुणवत्ता का गहन मूल्यांकन किया। उन्होंने यंत्रालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया।

संजीव शर्मा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, इज्जतनगर मंडल