त्रिकुटा पर्वत पर फिर बिगड़ा मौसम, बारिश-बर्फीली हवाओं के बीच भी जारी रही वैष्णो देवी यात्रा; हेलीकॉप्टर सेवा बंद

कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी की पवित्र यात्रा के दौरान शुक्रवार को एक बार फिर त्रिकुटा पर्वत पर मौसम ने अचानक करवट ले ली। कटड़ा सहित त्रिकुटा क्षेत्र में दिनभर तेज बारिश, बर्फीली हवाओं और घने बादलों का असर बना रहा। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी और हजारों श्रद्धालु लगातार ?जय माता दी? के जयकारों के साथ भवन की ओर रवाना होते रहे।

सुबह से ही रुक-रुक कर हो रही तेज बारिश के कारण यात्रा मार्ग पर कई बार श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रुकना पड़ा। हालांकि जैसे ही बारिश की तीव्रता कम हुई, श्रद्धालु फिर से पूरे जोश के साथ आगे बढ़ते नजर आए। ठंड बढ़ने के कारण अधिकांश श्रद्धालु गर्म कपड़े, रेनकोट, छाते और बरसाती ओढ़कर परिवार के साथ यात्रा करते दिखाई दिए।

श्राइन बोर्ड और प्रशासन पूरी तरह सतर्क

मौसम खराब होने की स्थिति को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड प्रशासन, जिला प्रशासन, पुलिस, सीआरपीएफ और आपदा प्रबंधन दल पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहे। यात्रा मार्ग के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए। अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।

खराब मौसम के चलते हेलीकॉप्टर सेवा ठप

लगातार खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण शुक्रवार को कटड़ा से भवन तक संचालित हेलीकॉप्टर सेवा पूरे दिन स्थगित रही। हेलीकॉप्टर सेवा बंद होने से कई श्रद्धालुओं को घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाओं का सहारा लेना पड़ा।

हालांकि राहत की बात यह रही कि यात्रा मार्ग पर बैटरी कार सेवा तथा भवन से भैरव घाटी के बीच रोपवे सेवा अधिकांश समय सुचारू रही, जिससे श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिली।

यात्रा मार्ग पर सफाई और फिसलन से निपटने के विशेष इंतजाम

बारिश के कारण यात्रा मार्ग पर फिसलन और कीचड़ की स्थिति न बने, इसके लिए श्राइन बोर्ड के सफाई कर्मियों को लगातार तैनात रखा गया। पानी निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।

27 हजार से अधिक श्रद्धालु कर चुके प्रस्थान

लगातार बारिश और बर्फीली हवाओं के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड बढ़ गई है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था अडिग बनी रही। आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार दोपहर 3 बजे तक करीब 27,000 श्रद्धालु पंजीकरण कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे, जबकि श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी रहा।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल यात्रा मार्ग सुरक्षित है और यात्रा सुचारू रूप से जारी है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे मौसम की जानकारी लेते रहें, सावधानी बरतें और किसी भी आपात स्थिति में नजदीकी सूचना केंद्र या प्रशासनिक सहायता केंद्र से संपर्क करें।

त्रिकुटा पर्वत पर बिगड़े मौसम के बीच भी श्रद्धालुओं का यह उत्साह यह साबित करता है कि मां वैष्णो देवी के भक्तों की आस्था हर परिस्थिति में अटूट रहती है।