नवरात्रि के सातवें दिन कटरा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, वैष्णो देवी यात्रा को लेकर दिखा जबरदस्त उत्साह

चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर श्री माता वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा को लेकर देशभर के श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। नवरात्रि के सातवें दिन बुधवार को कटरा स्थित दरशनी ड्योढ़ी पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए यात्रा पथ पर आगे बढ़ते नजर आए, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।

देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु आस्था और विश्वास के साथ माता रानी के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंच रहे हैं। हर भक्त की यही कामना है कि माता रानी सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और देश में सुख-शांति बनी रहे।

एक श्रद्धालु ने बताया कि वह पिछले 20 वर्षों से लगातार यहां आ रहे हैं और साल में दो बार माता के दर्शन अवश्य करते हैं। उनके अनुसार, यहां आने से मन को अद्भुत शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने प्रशासन और श्राइन बोर्ड की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बावजूद सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं।

वहीं, पहली बार दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं में भी खास उत्साह देखने को मिला। एक महिला श्रद्धालु ने कहा कि लंबे समय से उनकी इच्छा थी कि वह माता वैष्णो देवी के दर्शन करें और अब यह सपना पूरा होने पर उन्हें अत्यंत खुशी हो रही है। मेरठ से परिवार के साथ आए एक अन्य भक्त ने इस यात्रा को अपने जीवन का यादगार अनुभव बताया।

नवरात्रि के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा और सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है, वहीं मेडिकल, पानी और भोजन जैसी आवश्यक सेवाओं की भी बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।