रील बनाने के दौरान तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से अधेड़ की मौत, युवक गंभीर

अम्बेडकरनगर। जनपद के आलापुर क्षेत्र में रील बनाने के शौक ने एक अधेड़ व्यक्ति की जान ले ली, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के गंगासागर गांव के निकट सोमवार को हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जल्लापुर निवासी 50 वर्षीय हित्तू गोंड पुत्र बांके किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गिरैया बाजार जा रहे थे। जैसे ही वह गंगासागर गांव के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक अनियंत्रित बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार युवक दोनों हाथ छोड़कर मोबाइल से रील बना रहा था और तेज गति से वाहन चला रहा था। इसी लापरवाही के चलते हादसा हो गया। दुर्घटना में बाइक सवार युवक आदर्श (25 वर्ष), निवासी इटौरा ढोलीपुर थाना राजेसुल्तानपुर, भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

दोनों घायलों को अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हित्तू गोंड को आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, घायल युवक का इलाज जारी है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की बहू की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक का शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी, बहू, बेटे और बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है।