चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू ने किया स्वर्ण विजेता सोनू पैलवार का भव्य स्वागत, इंडो-नेपाल रेसलिंग चैंपियनशिप में जीता गोल्ड

खेरागढ़। दिगरौता क्षेत्र के ग्राम पंचायत दिगरौता अंतर्गत गांव गढ़ी फेतिया निवासी युवा पहलवान सोनू पैलवार ने नेपाल में आयोजित इंडो-नेपाल रेसलिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 57 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र और देश का नाम रोशन किया है।
17 मार्च से 21 मार्च तक आयोजित इस पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के पहलवानों ने भाग लिया। कड़े मुकाबलों के बीच सोनू पैलवार ने अपनी ताकत, तकनीक और आत्मविश्वास का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सभी प्रतिद्वंद्वियों को पराजित कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
सोनू की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। गांव गढ़ी फेतिया स्थित देवी मंदिर पर उनके सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू ने सोनू पैलवार एवं उनके पिता वीरेंद्र सिंह को साफा, माला और पटका पहनाकर सम्मानित किया।
चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू ने कहा कि ?सोनू पैलवार की यह उपलब्धि पूरे खेरागढ़ क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनकी मेहनत और लगन युवाओं के लिए प्रेरणा है। ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग दिया जाएगा, ताकि वे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और ऊंचा कर सकें।?
समारोह में बलवीर सिंह, ओमप्रकाश इंजीनियर, अनिल चौधरी, वेदो पैलवार, आकाश पैलवार, नरेंद्र सिकरवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने सोनू की इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।