मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सिवनी से अयोध्या धाम और बनारस के लिए विशेष ‘भारत गौरव पर्यटक ट्रेन’ का संचालन किया जा रहा है

सिवनी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा नागपुर मंडल के अंतर्गत मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सिवनी से अयोध्या धाम और बनारस के लिए विशेष ?भारत गौरव पर्यटक ट्रेन? का संचालन किया जा रहा है। यह विशेष ट्रेन गाड़ी संख्या 08813/08814 के रूप में चलाई जाएगी, जिससे श्रद्धालु आसानी से धार्मिक यात्रा कर सकेंगे।

रेलवे प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 08813 (सिवनी-अयोध्या धाम) दिनांक 30 मार्च 2026 को सुबह 09:00 बजे सिवनी रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन छिंदवाड़ा, इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर, सतना और प्रयागराज छिवकी होते हुए वाराणसी पहुंचेगी। ट्रेन का बनारस आगमन 07:35 बजे होगा तथा वहां से 09:00 बजे प्रस्थान कर लोहटा, प्रतापगढ़ जंक्शन और सुल्तानपुर होते हुए अयोध्या धाम 14:30 बजे पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 08814 (अयोध्या-सिवनी) दिनांक 03 अप्रैल 2026 को रात 20:00 बजे अयोध्या से रवाना होगी। यह ट्रेन वाराणसी जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, सतना, जबलपुर, नरसिंहपुर, इटारसी और छिंदवाड़ा होते हुए सिवनी पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 06:00 बजे सिवनी पहुंचेगी।

रेलवे ने बताया कि यह विशेष भारत गौरव पर्यटक ट्रेन कुल 14 एलएचबी कोचों के साथ संचालित की जाएगी। इस ट्रेन के संचालन से मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम और बनारस जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करने में सुविधा मिलेगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय पर स्टेशन पहुंचकर यात्रा का लाभ उठाएं।