गोरखपुर में तीसरी लाइन कार्य के चलते कई ट्रेनों की समय-सारणी में बदलाव, यात्रियों के लिए जरूरी सूचना

रेल प्रशासन ने यात्रियों को सूचित किया है कि गोरखपुर और गोरखपुर कैंट के बीच तीसरी लाइन के निर्माण कार्य के सिलसिले में परिचालनिक बदलाव किए जा रहे हैं। इस कार्य के तहत गोरखपुर स्टेशन पर पुराने पिट नंबर-2 को स्थायी रूप से हटाने और शंटिंग नेक को सरेंडर करने की प्रक्रिया चल रही है। इसी कारण परिचालनिक आवश्यकताओं को देखते हुए गोरखपुर से अस्थायी विस्तार वाले कुछ रेल सेवाओं की समय-सारणी में अस्थायी परिवर्तन किया गया है।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 11055/11056 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोंडा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस (सप्ताह में 4 दिन) की समय-सारणी में 03 अप्रैल 2026 से 15 मई 2026 तक संशोधन किया जाएगा। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 11056 गोंडा से 05 अप्रैल 2026 से 17 मई 2026 तक बदली हुई समय-सारणी के अनुसार संचालित होगी। संशोधित समय के अनुसार यह ट्रेन लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 10:55 बजे प्रस्थान कर गोरखपुर 20:35 बजे पहुंचेगी और 20:45 बजे आगे रवाना होगी। वहीं गोंडा पहुंचने का समय 23:30 बजे रहेगा। वापसी में गाड़ी संख्या 11056 गोंडा से 03:10 बजे प्रस्थान कर गोरखपुर 06:15 बजे पहुंचेगी और 06:35 बजे आगे रवाना होगी।

इसी क्रम में गाड़ी संख्या 11037/11038 पुणे-बढ़नी-पुणे (साप्ताहिक) की समय-सारणी में भी बदलाव किया गया है। गाड़ी संख्या 11037 पुणे से यात्रा प्रारंभ करने की तिथि 02 अप्रैल 2026 से 14 मई 2026 तक तथा गाड़ी संख्या 11038 बढ़नी से यात्रा प्रारंभ करने की तिथि 04 अप्रैल 2026 से 16 मई 2026 तक संशोधित रहेगी। ट्रेन पुणे से 16:15 बजे प्रस्थान कर गोरखपुर 00:40 बजे पहुंचेगी और 00:55 बजे आगे रवाना होगी। वहीं बढ़नी पहुंचने का समय 03:15 बजे निर्धारित किया गया है।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 20103/20104 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-भटनी-लोकमान्य तिलक टर्मिनस (दैनिक) की समय-सारणी में भी अस्थायी परिवर्तन किया गया है। गाड़ी संख्या 20103 लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 03 अप्रैल 2026 से 15 मई 2026 तक संशोधित समय के अनुसार चलेगी जबकि गाड़ी संख्या 20104 भटनी से 04 अप्रैल 2026 से 16 मई 2026 तक बदले समय के अनुसार संचालित होगी। संशोधित समय के अनुसार लोकमान्य तिलक टर्मिनस से यह ट्रेन 05:23 बजे रवाना होगी और गोरखपुर 11:45 बजे पहुंचेगी, इसके बाद 11:55 बजे आगे प्रस्थान करेगी। वापसी में ट्रेन भटनी से चलकर गोरखपुर 22:20 बजे पहुंचेगी और 22:30 बजे आगे रवाना होगी।

वहीं गाड़ी संख्या 19409/19410 साबरमती-थावे-साबरमती (सप्ताह में दो दिन) की समय-सारणी में भी बदलाव किया गया है। गाड़ी संख्या 19409 साबरमती से 04 अप्रैल 2026 से 14 मई 2026 तक और गाड़ी संख्या 19410 थावे से 06 अप्रैल 2026 से 16 मई 2026 तक संशोधित समय के अनुसार संचालित होगी। यह ट्रेन साबरमती से 10:35 बजे प्रस्थान कर गोरखपुर 16:45 बजे पहुंचेगी और 16:55 बजे आगे रवाना होगी। वापसी में ट्रेन थावे से चलकर गोरखपुर 04:45 बजे पहुंचेगी और 04:55 बजे आगे प्रस्थान करेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की समय-सारणी और स्थिति की जानकारी रेलवे की अधिकृत वेबसाइट, हेल्पलाइन या एनटीईएस के माध्यम से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।