गोरखपुर जंक्शन मेगा ब्लॉक के चलते कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव, कुछ ट्रेनें बहाल तो कई आंशिक रूप से निरस्त

प्रयागराज। रेल प्रशासन ने यात्रियों को सूचित किया है कि गोरखपुर जंक्शन पर पुरानी पिट लाइन संख्या-2 को स्थायी रूप से हटाने/तोड़ने के लिए लिए गए मेगा ब्लॉक के कारण ट्रेनों के संचालन में बड़ा बदलाव किया गया है। रेलवे ने पूर्व में जारी सूचना में संशोधन करते हुए कुछ ट्रेनों को रीस्टोर (पुनः संचालित) करने, कुछ का आंशिक निरस्तीकरण/ओरिजिनेशन करने तथा कुछ ट्रेनों को अस्थायी रूप से सीमित स्टेशन तक चलाने का निर्णय लिया है।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 05053 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनल साप्ताहिक विशेष ट्रेन को 03 अप्रैल 2026 से पुनः संचालित किया जाएगा। वहीं गाड़ी संख्या 05054 बांद्रा टर्मिनल-गोरखपुर साप्ताहिक विशेष ट्रेन को 04 अप्रैल 2026 से बहाल किया जाएगा। ये दोनों ट्रेनें निर्धारित दिनों के अनुसार नियमित रूप से चलेंगी।

मेगा ब्लॉक के कारण कुछ ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा। गाड़ी संख्या 01027 दादर-गोरखपुर ट्रेन 14 मई 2026 तक केवल मऊ स्टेशन तक ही जाएगी, जबकि मऊ से गोरखपुर के बीच ट्रेन निरस्त रहेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 01028 गोरखपुर-दादर ट्रेन 16 मई 2026 तक मऊ स्टेशन से ही चलेगी, यानी गोरखपुर से मऊ के बीच यह ट्रेन नहीं चलेगी। इसके अलावा गाड़ी संख्या 22921 बांद्रा टर्मिनल-गोरखपुर ट्रेन 09 मई 2026 तक केवल बलरामपुर तक ही जाएगी और बलरामपुर से गोरखपुर के बीच इसका संचालन निरस्त रहेगा। वहीं गाड़ी संख्या 22922 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनल ट्रेन 12 मई 2026 तक बलरामपुर से ही प्रस्थान करेगी, अर्थात गोरखपुर से बलरामपुर के बीच यह ट्रेन नहीं चलेगी।

रेलवे द्वारा कुछ गाड़ियों के संचालन को अस्थायी रूप से सीमित स्टेशन तक किया गया है। गाड़ी संख्या 11055 लोकमान्य तिलक टर्मिनल-गोरखपुर ट्रेन 15 मई 2026 तक गोंडा तक ही जाएगी। वहीं गाड़ी संख्या 11056 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनल ट्रेन 17 मई 2026 तक गोंडा से ही चलेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 20103 लोकमान्य तिलक टर्मिनल-गोरखपुर ट्रेन 15 मई 2026 तक भटनी तक ही जाएगी और गाड़ी संख्या 20104 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनल ट्रेन 17 मई 2026 तक भटनी से ही प्रस्थान करेगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 19409 साबरमती-गोरखपुर ट्रेन 14 मई 2026 तक थावे स्टेशन तक ही जाएगी तथा गाड़ी संख्या 19410 गोरखपुर-साबरमती ट्रेन 16 मई 2026 तक थावे से ही चलेगी। वहीं गाड़ी संख्या 11037 पुणे-गोरखपुर ट्रेन 14 मई 2026 तक बढ़नी स्टेशन तक ही जाएगी और गाड़ी संख्या 11038 गोरखपुर-पुणे ट्रेन 17 मई 2026 तक निर्धारित स्टेशन से ही संचालित की जाएगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, रेल हेल्पलाइन या नजदीकी स्टेशन से अवश्य प्राप्त कर लें।

व्हाइटफील्ड यार्ड कार्य के चलते दानापुर-बेंगलुरु स्पेशल ट्रेनें निरस्त, कानपुर-बेंगलुरु ट्रेन का बदला मार्ग

बेंगलुरु/दानापुर। रेल प्रशासन ने बताया कि व्हाइटफील्ड यार्ड के कार्य एवं बैंगलोर कैंट-व्हाइटफील्ड के बीच चौथी लाइन से जुड़े यार्ड रीमॉडलिंग के लिए नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। इसके चलते कुछ ट्रेनों को निरस्त और कुछ के मार्ग में परिवर्तन किया गया है।

रेलवे के अनुसार 03251 दानापुर-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस विशेष को कुल 12 दिनों के लिए निरस्त किया गया है। यह ट्रेन 02 जून से 05 जून 2026, 08 जून, 09 जून, 10 जून, 20 जून, 25 जून, 01 जुलाई, 04 जुलाई और 05 जुलाई 2026 को नहीं चलेगी। इसी तरह 03252 एसएमवीटी बेंगलुरु-दानापुर एक्सप्रेस विशेष भी कुल 12 दिनों के लिए रद्द रहेगी। यह ट्रेन 04 जून से 07 जून 2026, 10 जून, 11 जून, 12 जून, 22 जून, 27 जून, 03 जुलाई, 06 जुलाई और 07 जुलाई 2026 को निरस्त रहेगी।

वहीं 04131 कानपुर सेंट्रल-एसएमवीटी बेंगलुरु विशेष ट्रेन का मार्ग भी बदला गया है। यह ट्रेन 05 जुलाई 2026 को विजयवाड़ा-गुंटूर-धोने-धर्मावरम-येलहंका-चन्नसंद्रा-बैयप्पनहल्ली होते हुए एसएमवीटी बेंगलुरु जाएगी। मार्ग परिवर्तन के कारण यह ट्रेन चिरला, ओंगोल, नेल्लोर, रेनिगुंटा, काटपाडी, जोलारपेट्टई, बंगारपेट और कृष्णराजपुरम स्टेशनों पर नहीं रुकेगी।

रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पहले ट्रेन की जानकारी और अपडेट समय सारणी अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।