विजयपुरवा प्राथमिक विद्यालय में नामांकन महोत्सव व शिक्षक चौपाल का आयोजन, 32 बच्चों का हुआ प्रवेश

विजयपुरवा प्राथमिक विद्यालय में नामांकन महोत्सव व शिक्षक चौपाल का आयोजन, 32 बच्चों का हुआ प्रवेश

चकिया, चंदौली शिक्षा को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से आज दिनांक 1 अप्रैल 2026 को प्राथमिक विद्यालय विजयपुरवा में संकुल स्तरीय शिक्षक चौपाल एवं नामांकन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सिकंदरपुर के पूर्व ग्राम प्रधान श्री राजीव पाठक एवं विजयपुरवा ग्राम प्रधान श्री हसानुल्ला द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।

उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ नामांकन

कार्यक्रम के दौरान नव प्रवेशित बच्चों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। बच्चों को कलम, किताबें वितरित की गईं तथा माला पहनाकर, चंदन और रोरी लगाकर उनका अभिनंदन किया गया। नामांकन के प्रथम दिवस पर कक्षा 1 में कुल 32 बच्चों का प्रवेश हुआ, जो विद्यालय के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

शिक्षक चौपाल में शिक्षा पर हुई चर्चा

इस अवसर पर आयोजित शिक्षक चौपाल में अभिभावकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। शिक्षकों ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की।

कक्षा 5 के विद्यार्थियों का हुआ विदाई समारोह

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 5 उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह भी आयोजित किया गया। सभी बच्चों को टीसी, कॉपी, पेन और शुभ आशीर्वाद देकर उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ विदा किया गया।

शिक्षकों और अभिभावकों की रही सहभागिता

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय कुमार विश्वकर्मा सहित समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस दौरान संकुल के शिक्षक?रीता पांडे, गुप्तेश्वर सिंह, संजय यादव, दिलीप कुमार, आनंद कुमार सिंह, निर्मल सिंह, रामजनम सिंह सहित अन्य शिक्षक एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

यह आयोजन न केवल बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय पहल रहा, बल्कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी अहम साबित हुआ।