कटरा में पहली बार होगी श्री माता वैष्णो देवी हाफ मैराथन-2026, 10 मई को आयोजन

कटरा। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा पहली बार ?श्री माता वैष्णो देवी हाफ मैराथन-2026? का आयोजन किया जा रहा है। यह मैराथन 10 मई 2026 को श्री माता वैष्णो देवी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, कटरा में आयोजित होगी।

श्राइन बोर्ड के अनुसार यह आयोजन श्रद्धा और फिटनेस को जोड़ने वाला एक विशेष कार्यक्रम होगा, जिसमें प्रतिभागियों को त्रिकुटा पहाड़ियों के प्राकृतिक और मनोरम मार्ग पर दौड़ने का अनुभव मिलेगा।

इस मैराथन में चार श्रेणियां रखी गई हैं, जिनमें हाफ मैराथन (21.1 किमी), 10 किमी रन, 5 किमी रन और 3 किमी फन रन शामिल हैं।

आयोजन के दौरान प्रतिभागियों के लिए हाइड्रेशन पॉइंट, मेडिकल सुविधा, प्रमाणित टाइमिंग सिस्टम, साथ ही आकर्षक पुरस्कार और आधिकारिक रेस किट की व्यवस्था की जाएगी।

श्राइन बोर्ड ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं और खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रेरित करना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

श्राइन बोर्ड ने जानकारी दी कि पंजीकरण जल्द ही शुरू किए जाएंगे, जिसके लिए प्रतिभागियों को आधिकारिक अपडेट का इंतजार करने की अपील की गई है।