डेगाना–मेड़ता रोड रेलखंड में आरयूबी कार्य के चलते 1 अप्रैल को सड़क यातायात रहेगा बाधित

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल अंतर्गत डेगाना?मेड़ता रोड रेलखंड में स्थित लेवल क्रॉसिंग संख्या सी-99 (किमी 520/1-2) पर रोड अंडरब्रिज (आरयूबी) के डीलॉन्चिंग कार्य के कारण 01 अप्रैल 2026 को सड़क यातायात अस्थायी रूप से बाधित रहेगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि यह कार्य मेड़ता यार्ड एवं अन्य स्थानों पर कुल 04 आरयूबी निर्माण परियोजना के अंतर्गत किया जा रहा है। कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के अनुरूप गर्डर डीलॉन्चिंग हेतु क्रेन की पोजिशनिंग की जाएगी, जिसके चलते उक्त स्थान पर सड़क यातायात कुछ समय के लिए रोका जाएगा।

रेलवे प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए आरयूबी संख्या 66A, 65A एवं 65B के वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। इन मार्गों के माध्यम से जारोदा से मेड़ता रोड/मेड़ता सिटी एवं विपरीत दिशा में आवागमन किया जा सकेगा।

रेलवे प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यह कार्य महत्वपूर्ण अवसंरचना विकास से जुड़ा है, इसलिए निर्धारित तिथि को परिवर्तित मार्गों से यात्रा कर सहयोग प्रदान करें।