अजमेर-दौराई के बीच सुभाष नगर समपार फाटक स्थायी रूप से बंद

अजमेर-दौराई के बीच सुभाष नगर समपार फाटक स्थायी रूप से बंद

आरयूबी चालू, आरओबी निर्माणाधीन, वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था

अजमेर. रेल प्रशासन ने अजमेर एवं दौराई रेलवे स्टेशनों के मध्य स्थित समपार फाटक संख्या 01 स्पेशल (सुभाष नगर फाटक) को आज 26 मार्च 2026 से स्थायी रूप से बंद कर दिया है। यह फाटक किलोमीटर 298/6 से 298/7 के बीच स्थित था।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, स्थानीय जनता की सुविधा के लिए यहां रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) का निर्माण कार्य पहले ही पूर्ण कर दिया गया है, जबकि रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। रेलवे सुरक्षा तथा निर्माण कार्य को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से समपार फाटक को बंद करना आवश्यक था।

रेल प्रशासन द्वारा वैकल्पिक मार्ग भी उपलब्ध कराए गए हैं। हल्के वाहनों एवं स्थानीय जनता के लिए नवनिर्मित आरयूबी का उपयोग किया जा सकता है। वहीं भारी वाहनों के लिए आरओबी कार्य पूर्ण होने तक जोंस गंज फाटक के माध्यम से अस्थायी मार्ग निर्धारित किया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत समपार फाटक के सभी संकेत हटाए जा चुके हैं। साथ ही फाटक के दोनों ओर खाई खोदकर बैरिकेड्स लगाए गए हैं। ट्रेन संचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु 90 दिनों के लिए सतर्कता आदेश भी जारी किया गया है।

रेल प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे बंद किए गए फाटक मार्ग का उपयोग न करें और उपलब्ध वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग कर रेलवे प्रशासन को सहयोग प्रदान करें।