01 अप्रैल से फिर जम्मू तक चलेगी भगत की कोठी-जम्मूतवी एक्सप्रेस

जोधपुर। गर्मी की छुट्टियों से पहले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने ट्रेन संख्या 14803/14804 भगत की कोठी-जम्मूतवी एक्सप्रेस को 1 अप्रैल से पुनः पूर्ण मार्ग पर संचालित करने का निर्णय लिया है।

जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि पिछले वर्ष भारी बारिश के कारण ब्रिज संख्या-17 में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके चलते यह ट्रेन पठानकोट से जम्मूतवी के बीच आंशिक रूप से रद्द करनी पड़ी थी। अब कठुआ-माधोपुर रेलखंड पर मरम्मत कार्य लगभग पूरा होने के बाद ट्रेन को फिर से पूरे मार्ग पर चलाने का फैसला लिया गया है।

रेलवे के अनुसार ट्रेन 14803 1 अप्रैल से और ट्रेन 14804 2 अप्रैल से संचालित होगी। इसके लिए अग्रिम आरक्षण भी शुरू कर दिया गया है। इससे जोधपुर से जम्मू जाने वाले यात्रियों को सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा।