माता वैष्णो देवी धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, मौसम बदला तो हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित, बैटरी कार-रोपवे रहे सुचारू

कटरा। देशभर से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का लगातार आगमन जारी है। मंगलवार को मिले-जुले मौसम के बावजूद यात्रा पूरी तरह सुचारू रही। त्रिकूट पर्वत और कटरा क्षेत्र में दिनभर बादलों का डेरा रहा और ठंडी हवाएं चलती रहीं, लेकिन श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।

मौसम में लगातार बदलाव के चलते कटरा से संचालित हेलीकॉप्टर सेवा बीच-बीच में प्रभावित रही। हालांकि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैटरी कार सेवा और रोपवे (केबल कार) सेवा बिना किसी रुकावट के चलती रही, जिससे यात्रियों को खास परेशानी नहीं हुई।

भैरव घाटी तक रोपवे से पहुंचे श्रद्धालु

मां वैष्णो देवी भवन में दर्शन के बाद श्रद्धालु बड़ी संख्या में रोपवे के जरिए भैरव घाटी की ओर रवाना होते नजर आए। मंदिर परिसर और यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही पूरे दिन बनी रही।

यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित, प्रशासन अलर्ट

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। यात्रा मार्गों पर पुलिस, सीआरपीएफ, आपदा प्रबंधन टीम, श्राइन बोर्ड कर्मचारी और सहायता मित्र तैनात रहे। मौसम में बदलाव के बावजूद यात्रा मार्ग पूरी तरह खुले और सुरक्षित रहे।

श्रद्धालु भवन क्षेत्र में स्थित अर्धकुंवारी मंदिर और गर्भ जून गुफा के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। वहीं यात्रा पूर्ण करने के बाद श्रद्धालु कटरा बाजार में प्रसाद और स्मृति चिन्ह खरीदते नजर आए, जिससे बाजारों में भी अच्छी रौनक बनी रही।

20 हजार श्रद्धालु भवन की ओर रवाना

मंगलवार शाम चार बजे तक करीब 20 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवा कर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है और पूरे क्षेत्र में ?जय माता दी? के जयकारे गूंजते रहे।

श्राइन बोर्ड और प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि मौसम को देखते हुए यात्रा के दौरान सावधानी बरतें और निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें।