नवरात्रों में वैष्णो देवी यात्रा पर रिकॉर्ड भीड़, कटरा स्टेशन पर सीनियर डीसीएम की 24 घंटे निगरानी

जम्मू। चैत्र नवरात्रों के दौरान श्री माता वैष्णो देवी यात्रा में भारी भीड़ देखने को मिली। इस दौरान करीब 4 लाख श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। वहीं नवरात्रों के बाद वीकेंड पर भी श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बनी रही और करीब 1 लाख यात्रियों ने वैष्णो देवी यात्रा की।

यात्रियों की इस बढ़ती भीड़ को देखते हुए जम्मू मंडल के सीनियर डीसीएम उचित सिंघल नवरात्रों से पहले ही अलर्ट मोड में आ गए थे। उन्होंने श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाली ट्रेनों की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए स्वयं मोर्चा संभाला और लगातार निगरानी बनाए रखी, ताकि यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

सीनियर डीसीएम द्वारा मंडल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष निर्देश दिए गए थे कि स्टेशन परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही स्टॉल और दुकानों पर यात्रियों से ओवरचार्जिंग न हो, इसके लिए भी कड़ी निगरानी के निर्देश जारी किए गए। यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध कराने पर भी फोकस किया गया।

भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए रेलवे द्वारा स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी कराया गया। इसके अलावा कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए गए, ताकि यात्रियों को भीड़ के कारण परेशानी न हो।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, सीनियर डीसीएम उचित सिंघल ने दिन-रात 24 घंटे ट्रेनों की मॉनिटरिंग की और स्टेशन पर व्यवस्थाओं को लगातार अपडेट किया गया। इसका परिणाम यह रहा कि भारी भीड़ के बावजूद कटरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिला।