सियालदह मंडल ने सारगाछी में शुरू किया अपना पहला गति शक्ति मल्टी-मोडल कार्गो टर्मिनल

कोलकाता,रेलवे लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में सियालदह मंडल ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए आज सारगाछी रेलवे स्टेशन पर अपना पहला गति शक्ति बहु-माध्यम माल ढुलाई टर्मिनल (जीसीटी) शुरू किया। यह टर्मिनल कृष्णनगर?लालगोला रेलखंड पर स्थित है और इसका संचालन एम/एस लीप एग्री लॉजिस्टिक्स (मुर्शिदाबाद) प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह आधुनिक सुविधा विशेष रूप से आवश्यक खाद्यान्नों के परिवहन और भंडारण को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से विकसित की गई है। यह टर्मिनल मुख्य रूप से भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के लिए गेहूं रेक की आपूर्ति सुनिश्चित करेगा, जिससे खाद्यान्न आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

रेलवे ने बताया कि यह टर्मिनल प्रति माह 2 से 3 रेक संभालने की क्षमता रखता है। प्रत्येक रेक में लगभग 2,500 टन खाद्यान्न लाने की व्यवस्था है। टर्मिनल की सबसे बड़ी विशेषता यहां लगाए गए आधुनिक और उच्च क्षमता वाले साइलो (भंडारण टैंक) हैं, जिनमें खाद्यान्न को सुरक्षित तरीके से संग्रहित किया जाएगा। साइलो तकनीक के माध्यम से अनाज को मौसम के प्रभाव, नमी, धूल और कीट संक्रमण से बचाया जा सकेगा।

सियालदह मंडल द्वारा पहले दिन से ही संचालन को निर्बाध बनाए रखने के लिए स्टेशन और कार्गो टर्मिनल के बीच माल ढुलाई मूवमेंट हेतु संरचित शंटिंग शुल्क लागू किया गया है। इससे परिवहन व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और लॉजिस्टिक्स श्रृंखला से जुड़े सभी हितधारकों को बेहतर सेवा मिलेगी।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि यह टर्मिनल गति शक्ति योजना के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कदम है। आधुनिक भंडारण सुविधा और तेज रेल परिवहन व्यवस्था के माध्यम से आपूर्ति श्रृंखला की दक्षता में सुधार होगा, परिवहन लागत में कमी आएगी और मुर्शिदाबाद क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा।

रेलवे के इस कदम को क्षेत्र में माल परिवहन और खाद्यान्न आपूर्ति व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है।