सीलदह मंडल में स्वच्छता अभियान तेज, बिराटी व श्यामनगर स्टेशन से हटाया गया भारी मात्रा में कचरा

सीलदह मंडल में स्वच्छता अभियान तेज, बिराटी व श्यामनगर स्टेशन से हटाया गया भारी मात्रा में कचरा

यात्रियों से सहयोग की अपील, गंदगी फैलाने पर 500 रुपये तक जुर्माना

कोलकाता। यात्रियों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्वी रेलवे के सीलदह मंडल ने अपने स्वच्छता मिशन को और तेज कर दिया है। मंडल द्वारा बिराटी और श्यामनगर रेलवे स्टेशनों पर बड़े स्तर पर "लीगेसी वेस्ट"यानी लंबे समय से जमा कचरे को हटाने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्टेशन परिसर को पूरी तरह साफ-सुथरा बनाकर यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा से बचाना है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार बिराटी स्टेशन पर लंबे समय से जमा कचरे को हटाकर लगभग 5 लॉरी कचरा साफ किया गया है, जिसका वजन करीब 2 टन बताया गया। वहीं श्यामनगर स्टेशन पर भी लगातार सफाई अभियान चलाते हुए अब तक लगभग 100 क्विंटल कचरे का निस्तारण किया जा चुका है। रेलवे ने बताया कि अभी भी करीब 100 क्विंटल अतिरिक्त कचरा चिन्हित किया गया है, जिसे हटाने की प्रक्रिया जारी है ताकि स्टेशन परिसर को पूरी तरह साफ और व्यवस्थित बनाया जा सके।

सीलदह मंडल द्वारा केवल सफाई कार्य ही नहीं, बल्कि यात्रियों में जागरूकता बढ़ाने के लिए पोस्टर और बैनर के माध्यम से व्यापक जन जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता बनाए रखना केवल रेलवे की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम जनता और यात्रियों का सहयोग भी आवश्यक है।

सीलदह मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन परिसर में उपलब्ध डस्टबिन का ही उपयोग करें और प्लेटफॉर्म या रेलवे ट्रैक पर कचरा न फेंकें। रेलवे ने यह भी चेतावनी दी कि रेलवे परिसर में थूकना और गंदगी फैलाना रेलवे अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है, जिसके लिए 500 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। स्वच्छता अभियान को स्थायी बनाने के लिए स्टेशनों पर निगरानी भी बढ़ाई जाएगी।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि बड़े स्तर पर कचरा हटाने और यात्रियों में अनुशासन विकसित करने के जरिए सीलदह मंडल का लक्ष्य यात्रियों को स्वस्थ, स्वच्छ और सुखद यात्रा अनुभव प्रदान करना है। मंडल ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे रेलवे की"लाइफ लाइन"को साफ और हरित बनाए रखने में भागीदार बनें।