माता वैष्णो देवी यात्रा पर बड़ा अपडेट, भीड़ के चलते रजिस्ट्रेशन काउंटर बंद

माता वैष्णो देवी यात्रा पर बड़ा अपडेट, भीड़ के चलते रजिस्ट्रेशन काउंटर बंद

श्राइन बोर्ड ने रोकी यात्रा, सोमवार सुबह से फिर जारी होंगे RFID कार्ड

कटरा से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। अत्यधिक भीड़ को देखते हुए माता वैष्णो देवी यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। इसके साथ ही नई यात्रा पर्ची (रजिस्ट्रेशन) जारी करने वाले काउंटर भी फिलहाल बंद कर दिए गए हैं। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षित ठहराव स्थलों पर रुकें और यात्रा मार्ग पर आगे न बढ़ें।

जानकारी के अनुसार चैत्र नवरात्रि के बाद भी श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। शनिवार और रविवार को कटरा में भारी भीड़ उमड़ी, जिससे यात्रा मार्गों, भवन परिसर और आधार शिविर पर दबाव बढ़ गया। इसी को ध्यान में रखते हुए रविवार शाम को सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के मद्देनजर यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया गया, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को टाला जा सके।

सोमवार सुबह फिर शुरू होगी यात्रा

श्राइन बोर्ड की ओर से बताया गया है कि यात्रा सोमवार (30 मार्च) सुबह फिर से शुरू कर दी जाएगी। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को RFID कार्ड भी सुबह से जारी किए जाएंगे। प्रशासन का कहना है कि स्थिति सामान्य होने के बाद यात्रा को सुचारू रूप से संचालित किया जाएगा।

रविवार को रजिस्ट्रेशन काउंटरों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। वहीं दर्शन ड्योढ़ी पर भी सुरक्षा जांच के लिए यात्रियों को काफी देर तक लाइन में खड़ा रहना पड़ा। हालांकि भवन परिसर में दर्शन व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए श्राइन बोर्ड और सुरक्षा बलों द्वारा लाइन प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया।

सुरक्षा व्यवस्था सख्त, पुलिस लगातार निगरानी में

यात्रा मार्गों पर पुलिस और सुरक्षा बल पूरे दिन निगरानी बनाए हुए हैं। भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। मौसम साफ रहने के कारण श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा, लेकिन भीड़ अधिक होने के चलते यात्रा रोकना जरूरी समझा गया।

श्राइन बोर्ड और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक सूचना के आधार पर यात्रा करें। यात्रा शुरू होने के बाद व्यवस्था को नियंत्रित तरीके से संचालित किया जाएगा।