मुरादाबाद में बर्तन फैक्ट्री में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने समय रहते पाया काबू

मुरादाबाद। शहर के पंडित नगला रोड स्थित फ्लोरा इंटरनेशनल बर्तन फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कटघर से दो फायर टेंडर तथा हैलट रोड से एक फायर टेंडर को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया।

घटनास्थल पर पहुंचने के बाद देखा गया कि आग फैक्ट्री के सबसे ऊपरी तल पर लगी थी और तेजी से फैलने की आशंका थी। आग की विकरालता को देखते हुए विभाग द्वारा सहायता के लिए दो अतिरिक्त फायर टेंडर भी मौके पर मंगाए गए।

फायर ब्रिगेड कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का कार्य शुरू किया और आग को आसपास फैलने से रोकते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई।

मौके पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर.के. पाण्डेय के नेतृत्व में अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा, एफएसएसओ मोहित कुमार, तथा कटघर थाना प्रभारी शैलेन्द्र कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।

फायर विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया।