एसएमवीडीएनएसएच की गवर्निंग बॉडी की 71वीं बैठक संपन्न,अस्पताल के कामकाज की समीक्षा, किफायती व आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के संकल्प को दोहराया

एसएमवीडीएनएसएच की गवर्निंग बॉडी की 71वीं बैठक संपन्न

अस्पताल के कामकाज की समीक्षा, किफायती व आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के संकल्प को दोहराया

कटरा। श्री माता वैष्णो देवी नारायणा सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल (एसएमवीडीएनएसएच), काक्रयाल (कटरा) की गवर्निंग बॉडी की 71वीं बैठक अस्पताल परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डॉ. के.के. तलवार (सदस्य, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड) ने की।

बैठक में डॉ. अशोक भान (सदस्य, श्राइन बोर्ड),सचिन कुमार वैश्य (मुख्य कार्यकारी अधिकारी),आलोक कुमार मौर्य (अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी),पवन शर्मा (वित्त सलाहकार/मुख्य लेखा अधिकारी), डॉ. यशपाल शर्मा (कार्यकारी निदेशक/सीएओ, एसएमवीडीआईएमई),सुनील नारायण (जोनल डायरेक्टर), डॉ. एम.एम. माथवन (फैसिलिटी डायरेक्टर, नारायणा हेल्थ) सहित श्राइन बोर्ड व नारायणा हेल्थ के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

गवर्निंग बॉडी ने अस्पताल की लगातार हो रही प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। बैठक में मरीजों की बढ़ती संख्या, बेड ऑक्यूपेंसी, राजस्व वृद्धि और चिकित्सा सेवाओं में विस्तार जैसे प्रमुख संकेतकों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान अस्पताल को भविष्य की जरूरतों के अनुसार एक आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से तैयार की गई तीन वर्षीय निवेश योजना पर भी चर्चा की गई। इस योजना में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता बढ़ाने, अस्पताल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा उन्नत तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया गया। साथ ही कैंसर रोग (ऑन्कोलॉजी), किडनी रोग (नेफ्रोलॉजी) और हृदय रोग (कार्डियोलॉजी) जैसी विशेष सेवाओं के विस्तार तथा इमरजेंसी और क्रिटिकल केयर यूनिट को आधुनिक जीवन रक्षक सुविधाओं से लैस करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में अस्पताल की विशेष योजना ?दो दिल, एक बिल? की जानकारी भी दी गई। इस योजना के तहत मात्र 19,999 रुपये की निश्चित और किफायती दर पर संपूर्ण डिलीवरी पैकेज उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे प्रसव के दौरान होने वाला आर्थिक बोझ कम होगा और अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण मातृ एवं शिशु देखभाल सेवाएं मिल सकेंगी।

बैठक में मरीजों की देखभाल और सेवा गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए सकारात्मक सुधारात्मक पहल (पॉजिटिव इंटरवेंशंस) लागू करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना के तहत संशोधित पैकेज दरों के लिए प्रयास जारी रखने पर भी सहमति बनी, ताकि लाभार्थियों को किफायती इलाज देते हुए अस्पताल की वित्तीय स्थिरता बनी रहे।

इसके अलावा बैठक में श्री माता वैष्णो देवी चैरिटेबल सोसायटी और नारायणा हॉस्पिटल के बीच प्रस्तावित व्यवसाय हस्तांतरण समझौते (बिजनेस ट्रांजिशन एग्रीमेंट - बीटीए) पर भी चर्चा हुई। गवर्निंग बॉडी ने इसे अस्पताल की सेवाओं और संचालन क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम बताया।

डॉ. के.के. तलवार ने कहा कि अस्पताल की विस्तार योजनाओं को वित्तीय अनुशासन, मितव्ययिता और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग कर समाज को अधिकतम लाभ पहुंचाया जा सके।

बैठक के अंत में मरीजों से प्राप्त फीडबैक की समीक्षा की गई और सेवा में सुधार तथा मरीज संतुष्टि बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।