पठानकोट कैंट स्टेशन पर मानवीय सतर्कता की मिसाल, बिछड़ा बच्चा परिवार से मिला

जम्मू। जम्मू मंडल के पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ जवानों और एक पॉइंट्स मैन की सतर्कता व सूझबूझ से एक मासूम बच्चा सुरक्षित रूप से अपने परिवार से मिल गया। रेलवे कर्मियों की इस त्वरित कार्रवाई ने संभावित हादसे को टालते हुए मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश की।

घटना 24 मार्च की है, जब ट्रेन संख्या 14610 हेमकुंड एक्सप्रेस जम्मू से लुधियाना की ओर जा रही थी। पठानकोट कैंट स्टेशन पर निर्धारित ठहराव के बाद जैसे ही ट्रेन रवाना हुई, वहां तैनात आरपीएफ कर्मियों और पॉइंट्स मैन की नजर एक महिला पर पड़ी, जो अपने परिजनों को ट्रेन में बैठाने आई थीं। इसी दौरान उनका बच्चा अनजाने में ट्रेन में ही रह गया।

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए आरपीएफ और पॉइंट्स मैन ने तुरंत कार्रवाई की और बिना समय गंवाए ट्रेन के गार्ड को आपात संकेत दिया। इसके बाद ट्रेन को तुरंत रुकवाया गया। सतर्क कर्मियों ने बच्चे को सुरक्षित रूप से एम-1 कोच से उतारकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने रेलवे प्रशासन, आरपीएफ स्टाफ और संबंधित कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए उनकी सतर्कता की सराहना की।

मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने इस घटना पर कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आरपीएफ जवानों और पॉइंट्स मैन की त्वरित कार्रवाई और साहस की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी सजगता ने एक परिवार को बड़ी परेशानी से बचा लिया। यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि रेलवे कर्मचारी ?सेवा ही संकल्प? के भाव के साथ हर समय यात्रियों की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं।