जम्मू मंडल में टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता का कमाल: मोबाइल चोर दबोचे, खोया मोबाइल भी लौटाया

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में टिकट चेकिंग स्टाफ ने अपनी मुस्तैदी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्टाफ ने दो अलग-अलग घटनाओं में सराहनीय कार्य कर रेलवे की छवि को और मजबूत किया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के निर्देशन में कार्य करते हुए 17 मार्च को मुख्यालय पठानकोट के टिकट चेकिंग स्टाफ संदीप कुमार ने ट्रेन संख्या 14035 धौलाधार एक्सप्रेस में ड्यूटी के दौरान असाधारण सतर्कता दिखाई। नरवाना स्टेशन के समीप कोच S/1 में दो संदिग्ध व्यक्तियों को एक यात्री का मोबाइल चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को तुरंत ऑन-ड्यूटी रेलवे सुरक्षा बल के हवाले कर दिया गया। इस कार्रवाई से न केवल चोरी की घटना को रोका गया, बल्कि यात्रियों में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत हुआ। पीड़ित यात्री ने मौके पर ही स्टाफ का आभार जताया।

इसी क्रम में एक अन्य सराहनीय घटना ट्रेन संख्या 14803 में सामने आई, जहां टिकट चेकिंग स्टाफ ने अपनी जिम्मेदारी से बढ़कर कार्य करते हुए कोच B/2 में सीट संख्या 4 पर यात्रा कर रहे यात्री का खोया हुआ मोबाइल ढूंढ निकाला और उसे सुरक्षित वापस किया। अपना मोबाइल वापस पाकर यात्री ने स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया और उनकी ईमानदारी की प्रशंसा की।

जम्मू मंडल का वाणिज्यिक विभाग, मंडल रेल प्रबंधक एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के कुशल मार्गदर्शन में न केवल राजस्व वृद्धि में बल्कि यात्री सुरक्षा और सेवा के क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इस तरह की घटनाएं यह दर्शाती हैं कि रेलवे कर्मचारी हर परिस्थिति में यात्रियों की मदद के लिए तत्पर रहते हैं।

इस अवसर पर उचित सिंघल ने स्टाफ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यह सतर्कता और समर्पण अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी कर्मचारी इसी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहेंगे।

इन घटनाओं ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारतीय रेलवे केवल परिवहन का साधन ही नहीं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और भरोसे का मजबूत स्तंभ भी है।