सुहाने मौसम के बीच वैष्णो देवी की यात्रा जारी, बढ़ने लगी श्रद्धालुओं की संख्या

सुहाने मौसम के बीच वैष्णो देवी की यात्रा जारी, बढ़ने लगी श्रद्धालुओं की संख्या

कटड़ा। धर्मनगरी और मां वैष्णो देवी के दरबार में पिछले कुछ दिन से सुहावना मौसम बना है। इस बीच यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। पवित्र चैत्र नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है, जिससे यात्रा के आंकड़ों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 20 से 25 हजार श्रद्धालु मां वैष्णो देवी की यात्रा के लिए धर्मनगरी पहुंच रहे हैं। मंगलवार को भी दिनभर आसमान में बादलों और धूप की लुकाछिपी के साथ ठंडी हवाएं चलती रहीं। मौसम का आनंद लेते हुए श्रद्धालु जयकारों के साथ भवन की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। पंजीकरण के बाद आरएफआईडी कार्ड प्राप्त कर भक्त भवन पहुंच रहे हैं और माता के दर्शन के बाद भैरव घाटी स्थित बाबा भैरवनाथ के मंदिर में माथा टेककर यात्रा पूर्ण कर रहे हैं।

सोमवार को 23600 श्रद्धालुओं ने दरबार में हाजिरी लगाई थी, वहीं शाम 4 बजे तक लगभग 17,500 श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। इस महीने अब तक करीब 4.20 लाख श्रद्धालु यात्रा कर चुके हैं।

आवश्यक व्यवस्थाओं को दिया जा रहा अंतिम रूप

श्राइन बोर्ड और प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की यात्रा को सुखद और सुरक्षित बनाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। नवरात्र के दौरान भीड़ और बढ़ने की उम्मीद है, जिसे देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। देशभर से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन निरंतर जारी है, जिससे बाजारों में चहल-पहल बनी हुई है