भारत-पाक बॉर्डर पर मिला PIA लिखा गुब्बारा, पुलिस जांच में जुटी

श्रीगंगानगर के जैतसर में गांव 11 जोईयावाली के एक किसान के खेत में PIA लिखा हुआ गुब्बारा मिला है। किसान मनप्रीत सिंह ने बताया कि वह पानी की बारी के दौरान खेत में आया था, तभी उसे यह गुब्बारा खेत की मेड़ के पास दिखाई दिया। गुब्बारा फुला हुआ था और उसके साथ 3 फुट की डोरी भी बंधी हुई थी।

सूचना मिलते ही पुलिस थाना जैतसर का स्टाफ गुब्बारे की जांच पड़ताल के लिए किसान के खेत में पहुंच गया। इंटेलिजेंस को भी इसकी जानकारी दी गई है। संभावना जताई जा रही है कि ईद पर्व पर पाकिस्तान से उड़कर गुब्बारा यहां आ गया है।

ज्ञातव्य है कि भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर क्षेत्र में पूर्व में भी अनेक बार PIA लिखे गुब्बारे खेतों में मिलते आ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पता लगाया जा रहा है कि गुब्बारा कहां से आया है और उसके साथ कोई संदिग्ध वस्तु तो नहीं बंधी हुई है।