इज्जतनगर मंडल रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। 05045/05046 लालकुआँ-राजकोट-लालकुआँ साप्ताहिक विशेष ट्रेन के संचालन की अवधि में विस्तार किया

इज्जतनगर मंडल रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। 05045/05046 लालकुआँ-राजकोट-लालकुआँ साप्ताहिक विशेष ट्रेन के संचालन की अवधि में विस्तार कर दिया गया है। अब यह विशेष गाड़ी निर्धारित तिथियों में अतिरिक्त फेरों के साथ चलाई जाएगी, जिससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार 05045 लालकुआँ-राजकोट साप्ताहिक विशेष ट्रेन 5 अप्रैल से 26 अप्रैल 2026 तक प्रत्येक रविवार को लालकुआँ से दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर रवाना होगी। यह ट्रेन किच्छा, बहेड़ी, इज्जतनगर, बरेली सिटी, बरेली जंक्शन, बदायूं, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा, भरतपुर, जयपुर, जोधपुर समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करते हुए अगले दिन शाम 6 बजकर 10 मिनट पर राजकोट पहुंचेगी।

वहीं वापसी दिशा में 05046 राजकोट-लालकुआँ विशेष ट्रेन 6 अप्रैल से 27 अप्रैल 2026 तक प्रत्येक सोमवार को राजकोट से रात 10 बजकर 30 मिनट पर प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन भी निर्धारित मार्ग के सभी प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करते हुए तीसरे दिन सुबह 5 बजकर 15 मिनट पर लालकुआँ पहुंचेगी।

रेलवे द्वारा इस विशेष ट्रेन का संचालन कुल 4 फेरों के लिए किया जाएगा। इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें एसएलआरडी के 2, शयनयान श्रेणी के 11, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 2, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का 1 और सामान्य द्वितीय श्रेणी के 4 कोच शामिल हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि इस विशेष ट्रेन के संचालन से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और लंबी दूरी की यात्रा सुगम हो सकेगी। रेलवे प्रशासन यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।