बरेली में रेल कर्मचारियों के लिए साइबर सुरक्षा व वित्तीय साक्षरता पर सेमिनार आयोजित

बरेली। इज्जतनगर मंडल के इंजीनियरिंग प्रशिक्षण हॉल, एमडीडीटीआई केंद्र पर कार्मिक विभाग एवं अन्य विभागों के रेल कर्मचारियों तथा मंडल रेल प्रबंधक के मिनिस्ट्रियल स्टाफ के लिए ?साइबर सुरक्षा, साइबर फ्रॉड से बचाव, वित्तीय साक्षरता एवं निवेश? विषय पर एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया।

सेमिनार का संचालन यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के प्रशिक्षित प्रतिनिधियों द्वारा किया गया। इस दौरान बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय बरेली से प्रबंधकप्रदीप पेण्डम, शाखा प्रबंधक प्रियदर्शनी नगरगोविन्दा धामी एवं सहायक प्रबंधक (मार्केटिंग) सुश्री कशिश ने वर्तमान समय में बढ़ते साइबर फ्रॉड और उससे बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।

विशेषज्ञों ने बताया कि साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कर्मचारियों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, किसी के साथ ओटीपी या पिन साझा न करने, संदिग्ध कॉल से सतर्क रहने और प्रत्येक खाते के लिए मजबूत पासवर्ड रखने की सलाह दी। साथ ही सार्वजनिक वाई-फाई के उपयोग से बचने और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा न करने की भी अपील की गई।

उन्होंने यह भी बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर फ्रॉड का शिकार हो जाता है, तो उसे तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए या साइबर अपराध पोर्टल पर रिपोर्ट करनी चाहिए।

इस अवसर पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ओर से कर्मचारियों को सैलरी अकाउंट से जुड़ी विशेष योजनाओं की जानकारी भी दी गई और अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

सेमिनार में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारीसंदीप सिंह ने कहा कि कर्मचारियों के हित में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं, जिससे रेल कर्मचारी नवीन जानकारी प्राप्त कर लाभान्वित हो सकें।

कार्यक्रम में मंडल कार्मिक अधिकारीआनन्द कुमार, सहायक कार्मिक अधिकारीशिव ओम दीक्षित सहित बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।