बस स्टैंड पर फिर विवाद, फल विक्रेता और यात्री में मारपीट से मचा हड़कंप, बस नं. आर जे 13 पी ए 7220 में यात्री हुये चोटिल

श्रीगंगानगर जिले के उपखण्ड रायसिंहनगर में बस स्टैंड पर अव्यवस्था एक बार फिर सामने आई है। यहां आए दिन होने वाले झगड़ों के बीच एक नया मामला सामने आया, जब राजस्थान रोडवेज बस में बैठे एक यात्री और फल विक्रेता के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक यात्री ने बस में बैठे-बैठे फल विक्रेता से अंगूर खरीदे और फोन-पे के माध्यम से भुगतान कर दिया। लेकिन फल विक्रेता ने पेमेंट नहीं आने की बात कहते हुए यात्री से बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि फल विक्रेता के साथ आए 2-3 अन्य लोगों ने बस में चढ़कर यात्री के साथ मारपीट शुरू कर दी।
घटना के दौरान बस में बैठी महिलाओं ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और हाथापाई की गई। इस घटना से बस स्टैंड पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर मौजूद जागरूक नागरिकों का कहना है कि बस स्टैंड पर बाहरी दुकानदारों का अतिक्रमण लगातार बढ़ रहा है। ये फल विक्रेता बसों के अंदर तक जाकर सामान बेचते है जिससे न केवल यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ती है बल्कि बसों की आवाजाही भी प्रभावित होती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि प्रशासन की ढिलाई और अनदेखी के कारण ही ऐसे विक्रेता खुलेआम बस स्टैंड परिसर में अवैध रूप से दुकानें लगा रहे हैं। यदि समय रहते इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में और भी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं।

नागरिकों की मांग....

नागरिकों ने प्रशासन से बस स्टैंड पर अवैध अतिक्रमण हटाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।