गायत्री परिवार द्वारा नौ कुंडीय यज्ञ संपन्न, बड़ी संख्या में यजमानों ने दी आहुति, गायत्री परिवार के सदस्यों ने बताए संस्कारों के महत्व

श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर स्थित बड़ा बाबा रामदेव मंदिर में गायत्री परिवार द्वारा नौ कुंडीय यज्ञ का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। यज्ञ श्रीगंगानगर गायत्री शक्तिपीठ से पधारे गायत्री परिवार के सदस्यों के सानिध्य में कराया गया।

यज्ञ में श्रीकरणपुर क्षेत्र के बड़ी संख्या में यजमानों ने भाग लिया और विधि-विधान से आहुतियां दीं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरे माहौल में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर गायत्री परिवार श्रीगंगानगर के सदस्य राजेश सारस्वत, ओम छाबड़ा, बनवारी लाल व राजकुमार शाह ने गायत्री परिवार के उद्देश्यों और कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यज्ञ और गायत्री साधना से व्यक्ति और समाज दोनों का कल्याण होता है। संस्कारों को अपनाकर ही समाज में शांति और समृद्धि लाई जा सकती है।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए गायत्री परिवार के सदस्य एवं वेयरहाउस प्रबंधक जोतराम चाहर और बाबा रामदेव मंदिर समिति अध्यक्ष श्योपत रेवाड़ ने बताया कि भविष्य में भी क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक चेतना के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

यज्ञ के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया।