पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे का हरित ऊर्जा की ओर बड़ा कदम, सौर ऊर्जा उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि

गुवाहाटी। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने हरित ऊर्जा और सतत विकास की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए सौर ऊर्जा उत्पादन में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रेलवे के विभिन्न मंडलों और इकाइयों में सोलर पावर इंस्टॉलेशन के क्षेत्र में लगातार विस्तार किया जा रहा है।

फरवरी 2026 तक एनएफआर में कुल स्थापित सौर क्षमता 31.890 मेगावाट पीक (MWp) तक पहुंच गई है, जो वर्ष 2011 में शुरू हुए सौरकरण अभियान के बाद एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। खास बात यह है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान ही 22.734 मेगावाट पीक की अतिरिक्त क्षमता जोड़ी गई है, जो नवीकरणीय ऊर्जा को अपनाने की तेज़ रफ्तार को दर्शाती है।

मंडलों की बात करें तो लुमडिंग मंडल (गुवाहाटी क्षेत्र सहित) ने 13.334 मेगावाट पीक के साथ सबसे अधिक सौर क्षमता स्थापित की है। इसके बाद रंगिया मंडल 8.941 मेगावाट पीक के साथ दूसरे स्थान पर है। इसके अलावा अलीपुरद्वार, कटिहार और तिनसुकिया मंडलों ने भी इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

सौर ऊर्जा के उपयोग से रेलवे को परिचालन स्तर पर भी बड़ा लाभ मिल रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 (फरवरी 2026 तक) के दौरान औसतन हर महीने करीब 9.18 लाख यूनिट सौर ऊर्जा का उत्पादन हो रहा है, जिससे लगभग 68.80 लाख रुपये की मासिक बचत हो रही है। यह पहल न केवल कार्बन उत्सर्जन को कम करने में सहायक है, बल्कि ऊर्जा लागत को भी प्रभावी ढंग से घटा रही है।

एनएफआर अपनी हरित ऊर्जा क्षमता को और मजबूत करने की दिशा में भी कार्यरत है। वर्तमान में 19.14 मेगावाट पीक की अतिरिक्त सौर क्षमता विभिन्न चरणों में विकसित की जा रही है। आने वाले समय में लुमडिंग, रंगिया, कटिहार और अलीपुरद्वार मंडलों में बड़े सोलर प्रोजेक्ट स्थापित किए जाएंगे, जिससे कुल नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में और वृद्धि होगी।

इन प्रयासों से स्पष्ट है कि पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे, भारतीय रेल के ?नेट-जीरो कार्बन उत्सर्जन? के लक्ष्य को प्राप्त करने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देकर रेलवे न केवल पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे रहा है, बल्कि दीर्घकालिक आर्थिक लाभ भी सुनिश्चित कर रहा है।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि एनएफआर भविष्य में भी हरित ऊर्जा परियोजनाओं को प्राथमिकता देता रहेगा और सतत विकास के मार्ग पर अग्रसर रहेगा।