मुरादाबाद में नवरात्रि को लेकर अग्निशमन विभाग अलर्ट, सीएफओ ने जारी किए सुरक्षा निर्देश

मुरादाबाद में नवरात्रि को लेकर अग्निशमन विभाग अलर्ट, सीएफओ ने जारी किए सुरक्षा निर्देश

मुरादाबाद। चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व को देखते हुए अग्नि सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। उत्तर प्रदेश की एडीजी फायर पद्मजा चौहान के निर्देशों के बाद मुरादाबाद के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) डॉ. आर. के. पाण्डेय ने शहरवासियों और पंडाल आयोजकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

सीएफओ डॉ. पाण्डेय ने कहा कि नवरात्रि के दौरान घरों और पंडालों में होने वाली सजावट, रोशनी और धार्मिक गतिविधियों के चलते आग लगने की घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए सभी लोग सुरक्षा मानकों का पालन अवश्य करें।

उन्होंने बताया कि बिजली की सजावट करते समय तारों की अच्छी तरह जांच कर लें और किसी भी ढीले या कटे हुए तार का इस्तेमाल न करें। दीपक, अगरबत्ती और अखंड ज्योति को पर्दों या कपड़ों से दूर सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि आग फैलने का खतरा न हो। साथ ही ऐसी जगह पर दीपक न रखें, जहां चूहों या छिपकलियों के कारण उसके गिरने की आशंका हो।

इसके अलावा गैस सिलेंडर और चूल्हे के पास किसी भी प्रकार की सजावट या ज्वलनशील सामग्री रखने से बचने की सलाह दी गई है। पंडालों में पर्याप्त निकास मार्ग (एग्जिट) सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि आपात स्थिति में भीड़ को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

सीएफओ ने यह भी निर्देश दिए कि सभी पंडालों और मंदिर परिसरों में अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) और पानी की समुचित व्यवस्था जरूर रखें। बच्चों को आग, दीपक और पटाखों से दूर रखने और उन पर विशेष नजर रखने की भी अपील की गई है।

अंत में उन्होंने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां ही बड़ी दुर्घटनाओं को रोक सकती हैं, इसलिए नवरात्रि पर्व को सुरक्षित और श्रद्धा के साथ रहे।