मुरादाबाद में सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान शुरू:महिलाओं की रोकथाम के लिए 3 माह तक चलेगा विशेष अभियान

मुरादाबाद में जिलाधिकारी अनुज सिंह ने महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एक विशेष टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान जिला महिला चिकित्सालय में शुरू किया गया और अगले तीन माह तक कैम्पेन मोड में चलाया जाएगा।शुभारंभ के अवसर पर जिलाधिकारी ने भावना, परधी और खुशी नामक किशोरियों को यूविन पोर्टल से जारी टीकाकरण प्रमाण-पत्र प्रदान किए। इस दौरान कुल 50 किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीका लगाया गया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 38,700 किशोरियों को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन का टीका लगाया जाएगा। इस अभियान के लिए वे किशोरियां पात्र होंगी जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया है, लेकिन 15 वर्ष की आयु पूरी नहीं की है।जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने जानकारी दी कि सर्वाइकल कैंसर एक गंभीर बीमारी है, लेकिन एचपीवी वैक्सीन के माध्यम से समय रहते इससे बचाव संभव है। इसी उद्देश्य से जनपद में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत किशोरियों को गार्डासिल-4 (क्वाड्रिवैलेंट 6,11,16,18) एच.पी.वी. वैक्सीन की एक खुराक दी जाएगी।उन्होंने जनपद के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों को इस टीकाकरण अभियान में अवश्य शामिल कराएं, ताकि उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला महिला चिकित्सालय, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित यूनिसेफ, जेएसआई, डब्ल्यूएचओ और सार्ड जैसी सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारियों ने भी भाग लिया।