खुशखबरी: कटड़ा–बड़गाम एक्सप्रेस के नियमित संचालन को मंजूरी, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी राहत

जम्मू। रेल मंत्रालय ने विशेष रेलगाड़ी संख्या 04687/04688 कटड़ा बड़गाम एक्सप्रेस के नियमित संचालन को मंजूरी दे दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस संबंध में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है। अब यह रेलगाड़ी श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा बड़गाम एक्सप्रेस के नाम से नियमित रूप से संचालित की जाएगी।

इस निर्णय से जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में यात्रा करने वाले यात्रियों, विशेष रूप से पर्यटकों, श्रद्धालुओं और व्यापार से जुड़े लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। यह रेलगाड़ी माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा को कश्मीर घाटी के बड़गाम से जोड़ती है, जिससे यात्रियों को सीधा और सुगम रेल संपर्क मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर रेल मंत्री का पत्र साझा करते हुए इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस रेलगाड़ी के नियमित संचालन से विशेष रूप से पर्यटकों, श्रद्धालुओं और व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को काफी लाभ होगा और क्षेत्र में आवागमन की सुविधा और बेहतर होगी।

डॉ. सिंह ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही यह संभव हो पाया है कि लगभग पचास वर्षों के लंबे इंतजार के बाद रेलवे लाइन जम्मू से आगे बढ़कर कश्मीर घाटी तक पहुंची है, जिससे क्षेत्र के विकास और संपर्क को नई गति मिली है।

नवरात्रि के दौरान विशेष ट्रेन सेवा में विस्तार

इसी के साथ आगामी चैत्र नवरात्रि के अवसर पर माता वैष्णो देवी की तीर्थयात्रा को सुगम बनाने के लिए उत्तरी रेलवे ने भी महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

उत्तरी रेलवे के जम्मू मंडल ने ट्रेन संख्या 04081/04082 नई दिल्ली?कटड़ा विशेष रेलगाड़ी की सेवाओं को आगे बढ़ाने की घोषणा की है। इस विशेष रेलगाड़ी को दोनों दिशाओं में अतिरिक्त 14 फेरे लगाने की अनुमति दी गई है।

रेलवे के प्रवक्ता के अनुसार, यात्रियों से मिल रही उत्साहजनक प्रतिक्रिया को देखते हुए इस विशेष रेलगाड़ी के संचालन को बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इससे नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा मिलेगी और तीर्थयात्रा के व्यस्त समय में यात्रियों की भीड़ को कम करने में भी मदद मिलेगी।

रेल मंत्रालय और उत्तरी रेलवे के इस फैसले से आने वाले दिनों में माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक होने की उम्मीद है।