आजमगढ़: बिलरियागंज ब्लॉक स्थित तौहीद इंडेन ग्रामीण वितरक बनकट गैस एजेंसी पर सिलेंडरों की कालाबाजारी गोदाम सील

आजमगढ़ जनपद में घरेलू गैस आपूर्ति को लेकर चल रही जांच के बीच बिलरियागंज ब्लॉक स्थित तौहीद इंडेन ग्रामीण वितरक बनकट पर बड़े पैमाने पर अनियमितता और कालाबाजारी का मामला सामने आया है। प्रशासनिक जांच में 642 गैस सिलेंडरों के स्टॉक में भारी गड़बड़ी पाई गई, जिसके बाद गोदाम को सील कर दिया गया! जिलाधिकारी के निर्देश पर आपूर्ति विभाग के सप्लाई इंस्पेक्टर संतोष शर्मा तथा सप्लाई स्पेक्टर बृजेश कुमार दुबे की टीम ने संबंधित गैस एजेंसी के गोदाम का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान एजेंसी का कार्यालय खुला मिला, जब टीम ने स्टॉक रजिस्टर और वास्तविक स्थिति का मिलान किया तो बड़ा अंतर सामने आया। रिकॉर्ड के अनुसार जहां 724 घरेलू (14.2 किग्रा) सिलेंडर गोदाम में होने चाहिए थे, वहीं मौके पर मात्र 276 खाली सिलेंडर मिले। इसी तरह अन्य श्रेणियों में भी भारी कमी पाई गई। जांच के दौरान ऑनलाइन स्टॉक और भौतिक स्टॉक में भी बड़ा अंतर पाया गया, जिससे कालाबाजारी की आशंका और मजबूत हो गई। मौके पर मौजूद गोदाम के केयरटेकर रफीउल्लाह ने भी स्वीकार किया कि गोदाम में कुल 417 सिलेंडर ही मौजूद थे और सभी खाली थे। इसके अलावा, निर्गमन रजिस्टर में सिलेंडरों के वितरण की प्रविष्टियां तो दर्ज मिलीं, लेकिन संबंधित हॉकरों के हस्ताक्षर नहीं पाए गए, जिससे वितरण प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी सगड़ी, क्षेत्राधिकारी सगड़ी और पुलिस बल की मौजूदगी में पूरे गोदाम को सील कर दिया गया। सभी सिलेंडरों को पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया है!!