अजमेर मंडल में रेलवे सैनी कर्मचारी व अधिकारियों ने धूमधाम से मनाया होली मिलन व फाग महोत्सव

अजमेर। भारतीय रेलवे के अजमेर मंडल में रेलवे सैनी (माली) कर्मचारी एवं अधिकारी विकास संस्था के तत्वावधान में होली मिलन एवं फाग महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रेलकर्मियों, अधिकारियों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रंगों के इस पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।

कार्यक्रम की शुरुआत ढोल-नगाड़ों के साथ अतिथियों और प्रतिभागियों के स्वागत से हुई। इस अवसर पर नवनियुक्त रेलवे कर्मचारियों को मंच पर आमंत्रित कर माला एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद फूलों की पंखुड़ियों और गुलाल के साथ सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं, जिससे पूरा माहौल रंगीन और आनंदमय हो गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सान्वी सिंगोदिया और प्रीति सैनी द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुआ। इसके पश्चात डीजे की धुन पर महिलाओं और बालिकाओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। आयोजन में लगभग 600 से अधिक रेलकर्मियों, अधिकारियों और उनके परिजनों की भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया।

मंच संचालन रोशन सिंगोदिया द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जयपुर से पधारे धर्मेंद्र कुमार सैनी, कन्हैया लाल भाटी और हुकुमचंद सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शशि महावर ने की, जबकि विरजीत महावर मुख्य अतिथि रहे।

इस अवसर पर विनोद गढ़वाल, मोती सिंह सैनी, अशोक चौहान, अशोक तंवर, अरुण तुनवाल, मुकेश अजमेरा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में धर्मपाल सैनी, दिलीप गढ़वाल, मूलचंद सैनी, त्रिलोक सांखला, प्रदीप कच्छावा, शशिकांत सैनी सहित कई सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

पूरे आयोजन के दौरान भाईचारे, एकता और आपसी सौहार्द का संदेश देखने को मिला। इस रंगारंग होली मिलन समारोह ने सभी को एक मंच पर लाकर पारिवारिक माहौल में त्योहार मनाने का अवसर प्रदान किया।