हरदोई में मनरेगा भुगतान को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, सीडीओ को सौंपा ज्ञापन, कांग्रेसी बोले- जल्द भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा तेज

हरदोई। मनरेगा मजदूरों और कर्मचारियों के लंबित भुगतान को लेकर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में विकास भवन परिसर में मंगलवार को शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को ज्ञापन सौंपकर जल्द भुगतान की मांग की।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के कारण मनरेगा मजदूरों को समय पर मजदूरी नहीं मिल पा रही है। उनका कहना है कि प्रदेश में बड़ी संख्या में मजदूर परिवार पिछले करीब 75 दिनों से भुगतान का इंतजार कर रहे हैं, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि प्रदेश में करीब 2000 करोड़ रुपये से अधिक का मनरेगा भुगतान लंबित है। इसके अलावा ग्राम रोजगार सेवकों समेत हजारों संविदा कर्मियों को कई महीनों से मानदेय नहीं मिला है, जिससे उनकी स्थिति भी गंभीर हो गई है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विक्रम पांडे ने कहा कि मनरेगा मजदूरों की अनदेखी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और यह सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। वहीं शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि सरकार को तुरंत संज्ञान लेकर मजदूरों और कर्मचारियों का बकाया भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस मौके पर अजीत सिंह चंदेल, गोपाल पांडे, महताब अहमद, राजेंद्र वर्मा, भुट्टो मियां एडवोकेट, रामबाबू गौतम, उमर पाल, सोमा सैनी, रूपलाल कोरी, प्रमोद यादव, इस्लाम गाजी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।