इज्जतनगर मंडल में गुरसहायगंज स्टेशन का कायाकल्प, ₹10.50 करोड़ से हो रहा आधुनिक विकास

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल अंतर्गत गुरसहायगंज रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत ₹10.50 करोड़ की लागत से आधुनिक रूप दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जनपद में स्थित यह स्टेशन क्षेत्रीय दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, जो कानपुर, लखनऊ, कासगंज, फर्रुखाबाद और बरेली जैसे प्रमुख शहरों से सीधा जुड़ाव रखता है।

गुरसहायगंज स्टेशन आसपास के कृषि एवं व्यापारिक क्षेत्रों के लिए एक अहम केंद्र है। कन्नौज, जो अपनी इत्र नगरी के रूप में देशभर में प्रसिद्ध है, यहां से लगभग 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। गेहूं, आलू और धान जैसी फसलों के उत्पादन वाले इस क्षेत्र से कृषि उत्पादों का परिवहन भी इसी स्टेशन के माध्यम से किया जाता है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन को आगामी 50 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है। स्टेशन पर 386 वर्गमीटर क्षेत्रफल में नया स्टेशन भवन तैयार किया गया है, जिसमें जन-औषधि केंद्र, आधुनिक शौचालय, टी-स्टॉल और कार्यालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

इसके अलावा प्लेटफार्म संख्या 1 और 2 पर नई सरफेसिंग, ग्रेनाइट कार्य, आरक्षण कार्यालय, आधुनिक यात्री हाल, आकर्षक फसाड, सर्कुलेटिंग एरिया और बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था विकसित की गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए दिव्यांगजन हेतु विशेष शौचालय, वाटर बूथ, हेल्प बूथ, कम ऊंचाई की टिकट खिड़कियां तथा लगभग 900 मीटर लंबा रैंप भी बनाया गया है।

स्टेशन परिसर में 640 वर्गमीटर में पीपी शेल्टर लगाया गया है, साथ ही नया पैदल उपरिगामी पुल (FOB) और वीआईपी रूम का भी उन्नयन किया गया है। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप साइनेज और आकर्षक फसाड लाइटिंग से स्टेशन को सुसज्जित किया जाएगा, जिससे यात्रियों को आधुनिक और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिल सके।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि इस पुनर्विकास कार्य से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।