यमुना पुल पर लावारिस मिली युवक की स्कूटी, डूबने की आशंका से मचा हड़कंप

लापता युवक की तलाश में जुटी पुलिस

वृन्दावन। धर्मनगरी के कोतवाली इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब नवीन पानीगांव पुल पर एक लावारिस स्कूटी खड़ी मिली।आशंका जताई जा रही है कि स्कूटी सवार युवक ने यमुना में छलांग लगा दी है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।पुलिस और स्थानीय प्रशासन युवक की तलाश में जुटा है।

जानकारी के अनुसार लापता युवक की पहचान 30 वर्षीय विमल के रूप में हुई है। विमल मूल रूप से हाथरस के सादाबाद का निवासी था और वर्तमान में मथुरा के गोविंदनगर इलाके में किराए पर रह रहा था। वह मथुरा के बृजवासी लैंड्स इन होटल में कार्यरत था।

विमल के साथ रहने वाले विजय कुमार ने बताया कि रविवार देर रात विमल किसी से फोन पर बात कर रहा था, जिसके बाद वह मेरी स्कूटी लेकर अचानक घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला। सोमवार सुबह पुलिस द्वारा विजय को सूचना दी गई कि विमल की स्कूटी पानीगांव पुल पर लावारिस हालत में खड़ी मिली है।सूचना मिलते ही वृन्दावन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह मामला आत्महत्या का है या युवक किसी हादसे का शिकार हुआ है। पुलिस ने विमल के परिजनों को सूचना दे दी है और यमुना पुल के आसपास जानकारी हासिल कर युवक की तलाश कर रही है.