नौगढ़ में अवैध बोल्डर परिवहन पर कार्रवाई, वन विभाग ने दो ट्रैक्टर-ट्रॉली किए सीज

नौगढ़ में अवैध बोल्डर परिवहन पर कार्रवाई, वन विभाग ने दो ट्रैक्टर-ट्रॉली किए सीज

नौगढ़-नौगढ़ स्थित जयमोहनी रेंज में वन विभाग ने अवैध बोल्डर परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। यह कार्रवाई रविवार को वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में नियमित गश्त के दौरान की गई।

गश्त के दौरान ही वन विभाग को सूचना मिली कि सीमा क्षेत्र से बोल्डर लदे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली नौगढ़ की ओर आ रहे हैं। इस सूचना पर वन विभाग की टीम ने नौगढ़-मधुपुर मार्ग पर स्थित बरहवा मोड़ के पास सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। कुछ देर बाद, बोल्डर से लदा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां पहुंचा, जिसे रोककर जांच की गई। लगभग आधे घंटे बाद, उसी मार्ग से आ रहे दूसरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी रोक लिया गया।

जांच के दौरान, दोनों ट्रैक्टर चालकों से वाहन और बोल्डर परिवहन से संबंधित वैध कागजात व परमिट मांगे गए। हालांकि, चालक कोई भी अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रथम दृष्टया यह मामला अवैध परिवहन का पाए जाने पर, दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली और उन पर लदे बोल्डर को वन अधिनियम के तहत जब्त कर रेंज कार्यालय नौगढ़ लाया गया। इस संबंध में एक प्रकरण भी दर्ज कर लिया गया है।

पूछताछ में ट्रैक्टर चालकों की पहचान हर्षराज पुत्र रामराज मौर्या और राकेश पुत्र राम आसरे के रूप में हुई। ये दोनों सोनभद्र जनपद के राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र स्थित लोहरा सुकृत के निवासी हैं। आवश्यक पूछताछ और कानूनी औपचारिकताओं के बाद, दोनों चालकों को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

जयमोहनी रेंजर अमित श्रीवास्तव ने बताया कि वन क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विभाग लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चला रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में वन दरोगा सोमेश प्रथम, वीरेंद्र पांडेय, वन रक्षक मुलायम सिंह, प्रमोद यादव, भोला यादव, निर्भय सिंह और मनीष गुप्ता सहित अन्य वनकर्मी शामिल थे।