एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर आप पार्टी ने किया प्रदर्शन

पीलीभीत। एलपीजी गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति में आ रही दिक्कतों को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ आवाज उठाते हुए महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। यह विरोध कार्यक्रम पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर आयोजित किया गया। जिले में प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के जिला महासचिव एडवोकेट संजय कुमार ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों और आपूर्ति की समस्या से आम जनता के साथ-साथ छोटे व्यवसायी भी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में हाल में हुई लगभग 60 रुपये की वृद्धि और कमर्शियल सिलेंडर के दामों में करीब 120 रुपये की बढ़ोतरी ने आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। आप नेताओं का कहना है कि गैस सिलेंडर की कमी के कारण कई जगह लोगों को लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है, जिनके लिए रसोई का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। पंचायत प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार भारती ने कहा कि गैस की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति की कमी का असर होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े लाखों छोटे कारोबारियों पर पड़ रहा है। कई स्थानों पर छोटे कारोबारियों को अपना व्यवसाय चलाना मुश्किल हो गया है और कुछ जगहों से व्यवसाय बंद होने की खबरें भी सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और ऊर्जा आपूर्ति की चुनौतियों के बावजूद सरकार को ऐसी नीति बनानी चाहिए जिससे आम जनता पर बोझ न पड़े। अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष राम सिंह सोनकर ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी नीतियों का असर सीधे देश की अर्थव्यवस्था और आम नागरिकों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ता है। यदि समय रहते महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो छोटे उद्योग और रोजगार दोनों प्रभावित हो सकते हैं।
पार्टी नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में मांग की कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की हालिया मूल्य वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए। साथ ही पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए स्पष्ट और पारदर्शी नीति लागू की जाए तथा गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए। आम आदमी पार्टी के जिला महासचिव एड. संजय कुमार ने कहा कि यदि केंद्र सरकार ने महंगाई और गैस की कीमतों के मुद्दे पर जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए तो पार्टी जनहित में व्यापक आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान कार्यक्रम में एड. ओपी शास्त्री, रिंकू दिवाकर, मनोज भारती, श्रीपाल, रामनरेश सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।