खेरागढ़ में महंगा हुआ नाश्ता, समोसा-कचौड़ी के दाम बढ़े

खेरागढ़ कस्बे में नाश्ते के सामान जैसे समोसा, कचौड़ी सहित अन्य खाद्य पदार्थों के दाम बढ़ गए हैं। कीमतों में बढ़ोतरी के कारण ग्राहकों को अब पहले की तुलना में नाश्ता महंगा मिल रहा है। दुकानदारों का कहना है कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत और खाद्य तेलों की कीमतों में वृद्धि के कारण उनकी लागत बढ़ गई है, जिसका सीधा असर कीमतों पर पड़ा है।

कस्बे में इन दिनों कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो रही है। गैस की उपलब्धता न होने के कारण कई दुकानदारों को अब लकड़ी की भट्ठियों पर नाश्ता तैयार करना पड़ रहा है। इससे न केवल काम में अधिक समय लग रहा है, बल्कि दुकानदारों की परेशानी भी बढ़ गई है।

नाश्ते के दुकानदार बंटू कुशवाह ने बताया कि कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई बंद होने से उनके सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। गैस के अभाव में लकड़ी की भट्ठी पर काम करने से खर्च और मेहनत दोनों बढ़ गए हैं।

वहीं, रिफाइंड के एक थोक व्यापारी के अनुसार बाजार में रिफाइंड, पाम और मूंगफली के तेल के दामों में लगभग 5 से 6 रुपये प्रति किलोग्राम तक की बढ़ोतरी हुई है। खाद्य तेलों की बढ़ती कीमत भी नाश्ते के दाम बढ़ने का प्रमुख कारण बन रही है।

एचपी गैस संचालक राम अवतार मंगल ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है, लेकिन कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई फिलहाल बंद चल रही है।

दुकानदारों का कहना है कि यदि जल्द ही गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई और खाद्य तेलों के दाम इसी तरह बढ़ते रहे, तो आने वाले दिनों में नाश्ते की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है। किसी भी तरह के विवाद से बचने के लिए कई दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों पर नई रेट लिस्ट भी लगा दी है, ताकि ग्राहकों को पहले से ही दामों की जानकारी मिल सके।