सड़क हादसे में दो युवकों की मौत  

आलापुर (अंबेडकर नगर) थाना क्षेत्र राजेसुल्तानपुर अंतर्गत ग्राम सिरसिया ओझा नगर के समीप कल रात लगभग नौ बजे भीषण सड़क दुर्घटना में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई । घटनाकी सूचना मिलते ही डायल 112 थाना प्रभारी अक्षय कुमार पटेल मौके पर पहुंचे और सड़क किनारे गिरे गंभीर रूप से घायल मोटरसाइकिल सवार दोनों युवकों को एंबुलेंस से इलाज हेतु अस्पताल भेजे जहां डाक्टरों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृत दोनों युवकों की पहचान नितिन कन्नौजिया पुत्र वीरेन्द्र कन्नौजिया उम्र लगभग 22 वर्ष निवासी ग्राम भदया थाना राजेसुल्तानपुर एवं मुकुल प्रजापति पुत्र श्रीराम उम्र लगभग 21 वर्ष ग्राम देवारा जदीद थाना महाराजगंज जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों मे कोहराम मच गया। घर वालों ने बताया कि दोनों युवकों ने एस आई की परीक्षा देने के लिए जाने वाले थे और मोटरसाइकिल मे तेल भरवाने जा रहे थे पीछे से चार पहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मारी और दोनों युवक सड़क किनारे दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए जिनकी कुछ देर में ही मौत हो गई। दोनों युवकों के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर अन्यत्र परीक्षण हेतु जिला अस्पताल भेज दिया। दोनों युवकों का दरोगा बनने का सपना सपना ही रह गया और परिवार को गहरा आघात पहुंचा दिया। दोनों युवकों की मौत का जिम्मेदार डायल 112 वाहन पर लगाते हुए गुस्साए सैकड़ो महिला पुरुष ग्रामीणों एवं परिजनों ने राजेसुल्तानपुर चौक पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस पीएसी तैनात कर दी गई और मौके पर एडिशनल एसपी शयमदेव, एसडीएम आलापुर, तहसीलदार मौके पर पहुंचे और सड़क मार्ग अवरूद्ध करने वाले ग्रामीणों को समझा बुझाकर कर थाने ले आए और दोषी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। थानाध्यक्ष अक्षय कुमार पटेल ने कहा कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से परीक्षण किया जा रहा है खबर लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई थी तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्यवाही की जाएगी पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।